-पनकी में 6 साल के मासूम की गला घोंट कर हत्या, करीबी पर शक, दो दिन तक खाली हाथ रही पुलिस

- तीन दिन से गायब था मासूम, फ्राईडे रात घर के पास ही पॉलीथीन में लिपटा पड़ा मिला शव

KANPUR: पनकी में फ्राईडे रात को तीन दिन से लापता बच्चे का शव उसके ही घर के पास पॉलीथिन में लिपटा मिला। मासूम की हत्या कर शव को वहां फेंका गया। एक रिश्तेदार ने ही पॉलीथिन में संदिग्ध शव मिलने की सूचना पुलिस और परिजनों को दी। घटना की जानकारी इलाके में फैलते ही हड़कंप मच गया। लोगों की भीड़ वहां जमा हो गई। वहीं मां और पिता के तो होश ही उड़ गए। मासूम के गले पर रस्सी लिपटी थी, जिससे उसकी गला घोंट कर हत्या की संभावना है। वहीं इस मामले में पुलिस की भूमिका एक बार फिर संदेह के घेरे में है। क्योंकि पुलिस ने सिर्फ गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर खानापूर्ति की थी।

फिर वापस न लौटा

पनकी के सिंहपुर कठार गांव में रहने वाले विजय सिंह दादानगर स्थित एक फैक्ट्री में काम करते हैं। उनका बेटा विशेष सिंह(6)बुधवार सुबह दोस्तों संग खेलने की बात कह बाहर निकला था। उसके बाद उसका कुछ अता पता नहीं चला। परिजनों ने शाम को गोपालपुर चौकी पर सूचना दी। पनकी इंस्पेक्टर के मुताबिक बच्चे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। घर के पास एक तालाब है जोकि काफी गहरा है। बच्चे के उस तालाब में डूबने की संभावना पर गुरूवार को उस तालाब में जेसीबी लगा कर खुदाई भी कराई गई थी, लेकिन कुछ पता नहीं चला।

तालाब के पास फेंक गया शव

शुक्रवार शाम को विजय का भांजा वीरेंद्र घर के बाहर मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी दौरान उसकी नजर एक पॉलीथिन पर पड़ी। पास गया तो उससे काफी बदबू आ रही थी। पॉलीथिन में शव होने की आशंका पर उसने फौरन विजय को सूचना दी। इसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जांच पड़ताल में शव विशेष का ही निकला। जोकि सड़ भी चुका था, ऐसे में उसकी हत्या भी दो दिन पहले ही होने की आशंका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। मौके पर फोरेंसिक यूनिट भी जांच के लिए पहुंची।

बच्चे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की थी। काफी खोजबीन भी की गई। आज उसका शव मिला है। जोकि पुराना भी लग रहा है। कातिल की तलाश के लिए टीमें लगा दी गई हैं। परिवार ने किसी से कोई विवाद की बात से इंकार किया है।

- संजीव दीक्षित, सीओ कल्याणपुर