RANCHI: सीसीएल कर्मी अशोक पासवान हत्याकांड ने एक नया मोड़ ले लिया है। इस हत्याकांड से जब टीपीसी ने पल्ला झाड़ लिया तो रांची पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए चतरा के पिपरवार पहुंच गई। वहां पिपरवार पुलिस की मदद से की गई छानबीन में पता चला कि अशोक का किसी महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसकी जानकारी महिला के परिजनों को हो गई थी। इसके बाद डर से अशोक ने अपना ट्रांसफर रांची करवा लिया था। ऐसे में यह भी हो सकता है कि प्रेम प्रसंग में अशोक मारा गया।

क्यों छुपा रहे हैं परिजन

अरगोड़ा पुलिस को अशोक पासवान के भाई जयप्रकाश पासवान ने जो जानकारी दी थी, उसके मुताबिक टीपीसी ने उसके भाई की हत्या की है। लेकिन पुलिस ने जब मामले को खंगाला तो सारी बातें स्पष्ट हो गईं। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर उसके भाई ने पुलिस से झूठ क्यों बोला? वहीं रिम्स में जयप्रकाश पासवान ने अज्ञात के खिलाफ अपना फर्दबयान क्यों दिया?

15 को हुई थी हत्या

गौरतलब हो कि अशोक पासवान की हत्या 15 दिसंबर को उस समय कर दी गई, जब वह बाल-दाढ़ी बनाने के लिए सहजानंद चौक था। यहां पर अज्ञात क्रिमिनल्स ने उसे गोली मार दी थी। गंभीरावस्था में उसे रिम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।

स्कूल फी लेकर कोलकाता भाग गए दो छात्र

स्कूल की फी लेकर डीएवी नंदराज स्कूल के दो छात्र कोलकाता भाग गए। परिजनों ने इस संबंध में सदर थाना में छात्रों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

यह है मामला

जानकारी के मुताबिक, डीएवी नंदराज स्कूल के छात्र देंवेंद्र प्रसाद यादव और उसका सहपाठी अंकित कुमार उर्फ राजा मंगलवार की सुबह आठ बजे के करीब स्कूल जाने के लिए निकले थे। उस दिन दोनों के पास स्कूल फी के एक-एक हजार रुपए थे। ये देर रात तक घर नहीं लौटे। इस पर देवेंद्र के भाई दिलीप कुमार ने सदर थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। स्कूल में छानबीन करने के बाद पता चला कि वे लोग कोलकाता जाने की बात कह रहे थे। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।