गेट बंद होने से ताजमहल में प्रवेश कर नहीं सकी सानिया

आगरा। विश्वदाय स्मारक ताजमहल का दीदार करने मंगलवार को खेल की दुनिया को दो सरताज पहुंचे। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले ताज का दीदार कर उसके सौंदर्य में खोए नजर आए। वहीं, टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा को ताज का गेट बंद होने से मायूस होना पड़ा। उन्होंने वन विभाग के गेस्ट हाउस से ताज निहारा।

कैमरे में कैद किए लम्हे

अपनी बॉलिंग से दुनिया भर के बल्लेबाजों को छकाने वाले पूर्व भारतीय स्पिनर अनिल कुंबले शाम करीब पौने पांच बजे ताज पहुंचे। ताज पूर्वी गेट से प्रवेश के दौरान कुंबले को सैलानियों ने पहचान लिया। फोरकोर्ट से ताज नजर आते ही कुंबले ने उसे अपने कैमरे में कैद करना शुरू कर दिया। स्मारक परिसर में भ्रमण के दौरान वह ताजमहल के खूबसूरत लम्हों को अपने कैमरे में कैद करते रहे। सैलानियों की फरमाइश पर कुंबले ने उनके फोटो भी खिंचाए। वह करीब पौन घंटे तक ताज परिसर में रुके।

टेनिस स्टार नहीं कर पाई दीदार

टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा की ताज का दीदार करने की ख्वाहिश पूरी नहीं हो सकी। करीब छह बजे जब वह परिवार के साथ ताज पूर्वी गेट पहुंचीं तो गेट बंद हो गया था। इससे वह ताजमहल में प्रवेश नहीं कर सकीं। पर्यटन पुलिस ने उन्हें वन विभाग के ताज नेचर वाक स्थित गेस्ट हाउस से ताज का दीदार कराया। सानिया वहां कुछ देर रुकीं और फोटो खिंचवाए। सानिया मिर्जा ताजनगरी में एक कांफ्रेंस में भाग लेने आई थीं।