कमिश्नर आवास के पास बुजुर्ग महिला को बनाया निशाना

चेकिंग का झांसा देकर बदमाशों ने बदन से उतरवाए गहने

द्दह्रक्त्रन्य॥क्कक्त्र: शहर में पुलिस की मुस्तैदी को धता बताते हुए बदमाशों ने महिला से ढाई लाख का गहना लूट लिया। पुलिस वाले बनकर बदमाशों ने महिला के बदन से गहने उतरवाए। महिला कुछ समझ पाती इसके पहले पैकेट बदलकर फरार हो गए। महिला के शोर मचाने पर लोगों को वारदात की जानकारी हुई। तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज करके कैंट पुलिस कार्रवाई में जुटी है। पास पड़ोस के सीसीटीवी कैमरों को खंगालने पर पुलिस को कोई रिकार्ड नहीं मिला है। वारदात वाली जगह किसी कैमरे की जद में नहीं थी।

सत्संग में जा रही थीं बुजुर्ग महिला

आवास विकास कालोनी, बेतियाहाता निवासी अमर केडिया बिजनेसमैन हैं। शनिवार सुबह करीब सवा 11 बजे उनकी मां प्रेमलता केडिया मंगला माता मंदिर के पास सत्संग में शामिल होने जा रही थीं। उनके साथ मोहल्ले की एक अन्य महिला भी थीं। दोनों महिलाएं अपोलो हॉस्पिटल की गली में पहुंची। तभी दो युवक उनसे मिले। खुद को पुलिस कर्मचारी बताते हुए अपना आईकार्ड दिखाया। बताया कि माता जी आगे चेकिंग चल रही है। बदन पर ज्वेलरी देखकर पुलिस पांच हजार का जुर्माना लगा देगी। बुजुर्ग महिला उनकी बातों में आ गई। वह अपने सारे गहने उतारकर बैग में रखने लगी। एक कागज का पैकेट देकर दोनों बदमाशों ने बैग में गहने रखने में महिला की मदद की।

सफेद कागज में निकले नकली गहने

उसी दौरान एक अन्य व्यक्ति गुजरा। उसे रोककर दोनों युवकों ने उसकी अंगूठी भी रखवा ली। इससे महिलाओं को यकीन हो गया कि पुलिस की चेकिंग हो रही है। गहने रखवाने के बाद दोनों बदमाशों ने महिलाओं को जाने दिया। कुछ दूर जाने पर बुजुर्ग महिला को शक हुआ। उन्होंने बैग खोलकर कागज का पैकेट चेक किया तो उसमें से नकली गहने मिले। महिला के शोर मचाने पर लोगों को वारदात की जानकारी हुई। घटना की सूचना पर महिला के बेटे अमर केडिया भी पहुंच गए। बदमाशों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। लेकिन किसी फुटेज में बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस मान रही है कि तीसरा व्यक्ति भी उनके गैंग का सदस्य था। अमर ने बताया कि उनकी मां की सोने की चेन जिसमें हीरे का ओम बना हुआ था। हीरे की अंगूठी और सोने की दो चूडि़या बदमाश ले गए हैं।

वर्जन

इस मामले में टप्पेबाजी का मुकदमा दर्ज किया गया है। तीनों बदमाश एक ही गैंग के सदस्य हैं। उन्होंने बुजुर्ग महिलाओं को रोककर चेकिंग के बहाने उनका गहना ले लिया। इस मामले में जांच पड़ताल की जा रही है।

मनोज पाठक, इंस्पेक्टर कैंट