-जिला इकाई ने राष्ट्रीय व प्रदेश के कंट्रोल रूम को भेजा लेटर

-सोनिया, राहुल व अखिलेश, मीरा कुमार भी लिस्ट में

VARANASI

बनारस में शहर की तीनों विधानसभा सीट के अलावा पिंडरा की सीट पर कांग्रेस की जीत को लेकर स्थानीय जिला व महानगर इकाई कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहती। यही वजह है कि रविवार को जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा की ओर से ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी व प्रदेश कांग्रेस कमेटी कंट्रोल रूम को स्टार प्रचारकों के लिए डिमांड लेटर भेजा। लेटर में बनारस की विधानसभा सीटों के लिए प्रियंका गाधी व सांसद डिंपल यादव को प्रचार के लिए विशेष तौर पर बुलाया गया है। जिलाध्यक्ष के अनुसार दोनों नेत्रियों की सभाएं कराने के लिए अनुरोध किया गया है।

ये भी लिस्ट में

इसी क्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी बनारस आगमन का अनुरोध किया गया है। हालांकि उनके अस्वस्थ होने के कारण संभावना कम ही लग रही है। इसके अलावा कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के रोड शो के लिए गुहार लगाई गई है। इन दो स्टार प्रचारकों से अनुरोध किया है कि फरवरी के अंतिम सप्ताह में रोड शो कर माहौल बनाएं तो वोटिंग से ठीक पहले विधानसभा क्षेत्रों में छोटी-छोटी सभाएं की जाएं। कांग्रेसजनों ने पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार को भी प्रचार के लिए बुलाया है। इस लिस्ट में प्रदेश प्रभारी गुलाब नबी आजाद, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सलमान खुर्शीद, प्रमोद तिवारी, आरपीएन सिंह, संजय सिंह, राज बब्बर, ए रिजवी, अशोक चौधरी का नाम भी शामिल किया है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि ख्7 फरवरी से पहले ही कांग्रेस की टीम चुनावी माहौल में कार्यकर्ताओं के अंदर उत्साह भर देगी।