लिट्टीपाड़ा उपचुनाव

RANCHI (19 Mar) : लिट्टीपाड़ा विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने झामुमो को समर्थन दे दिया है। कांग्रेस का कोई उम्मीदवार चुनाव नहीं लड़ेगा। रविवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत ने झामुमो नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर इस बात की तसल्ली दी। देर रात तक न तो झामुमो और न ही भाजपा की ओर से प्रत्याशी के नाम की घोषणा की गई। सूत्रों का कहना है कि अब सोमवार को ही दोनों दलों की ओर से प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की जाएगी।

रविवार को लगातार कवायद के बावजूद झारखंड मुक्ति मोर्चा प्रत्याशी के नाम पर अंतिम मुहर लगा पाने में असफल रहा। इसकी सबसे बड़ी वजह पूर्व विधायक डॉ अनिल मुर्मू की दो पत्नियों के बीच टिकट की दावेदारी को लेकर मची होड़ है। डॉ मुर्मू के असामयिक निधन से इस सीट पर उपचुनाव की नौबत आई है। झामुमो की हरसंभव कोशिश सीट पर कब्जा बरकरार रखने की है। पार्टी का झुकाव डॉ मुर्मू की पहली पत्नी यूनिकी हांसदा पर है, लेकिन परेशानी दूसरी पत्नी के तेवर को लेकर है। दोनों ने पार्टी का टिकट हासिल करने के लिए पूरा जोर लगा रखा है। झामुमो का शीर्ष नेतृत्व फिलहाल सुलह की कवायद में है, ताकि वोट का बंटवारा नहीं हो। ऐसा हुआ तो सीधा फायदा भाजपा को होगा। पार्टी प्रवक्ता अभिषेक प्रसाद पिंटू के मुताबिक सोमवार को झामुमो प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर देगा। इसकी वजह भी है। मंगलवार को नामांकन की अंतिम तिथि है। उधर, भाजपा की रणनीति वेट एंड वाच की है, लेकिन नामांकन की तिथि करीब आने के कारण सोमवार को पार्टी की ओर से प्रत्याशी के नाम का एलान संभव है। भाजपा डॉ मुर्मू की उस पत्नी पर दांव लगा सकती है, जिसे झामुमो का टिकट नहीं मिलेगा।