KANPUR:

गंगा के जलस्तर के बढ़ने से कटरी के आसपास के गांवों के लोग परेशान है। गंगा किनारे स्थित इन गांवों में रहने वाले लोग सुरक्षित स्थानों पर गृहस्थी पहुंचाने के जुगाड़ में लग गए हैं। इसके चलते सरसैया घाट के आसपास के लोग भी अपना सामान घाट के किनारे लगाने लगे हैं। वहीं प्रशासन भी गंगा के जलस्तर को देखते हुए सतर्क हो गया है और लोगों को सतर्क रहने के लिए सूचना प्रसारित कर रहा है।

बैराज से छोड़ा जा रहा है पानी

गंगा बैराज की ओर से लगातार पानी छोड़े जाने से गंगा के जल का स्तर सोमवार को अचानक बढ़ गया। बरसात के हालात और उत्तराखंड में आई बाढ़ से पानी छोड़े जाने के बाद बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने कमर कस ली है। गंगा कटरी के किनारे बसे लोगों के अनुसार जलस्तर बढ़ने के साथ कटान की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे लोगों में क्या करें और क्या न करें की स्थिति बनी है। जिसका असर घाटों पर दिख रहा है।

अभी नहीं है बाढ़ का खतरा

दूसरी तरफ केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार गंगा का जलस्तर एक से आधा सेमी प्रतिघंटा की रफ्तार से बढ़ रहा था, जो पिछले तीन दिन से घटने लगा है। शुक्रवार को जलस्तर 109. 840 मीटर शनिवार को जलस्तर 109. 810 मीटर के इर्द गिर्द रहा। वहीं रविवार को जलस्तर 109. 620 मीटर दर्ज किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक अभी बाढ़ की आशंका नहीं है, क्योंकि चेतावनी स्तर 113 मीटर पर और बाढ़ की स्थिति 114 मीटर पहुंचने पर आती है। फिलहाल आसपास के लोगों को एहतियात बरतने को कहा गया है।