छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र: दे माई लोहड़ी जिवें तेरी जोड़ीआदि गीतों से शनिवार को लोहड़ी त्योहार की धूम शहर के सिख व पंजाबी समाज के घरों रही। इतना ही नहीं जिन परिवारों में नई शादी हुई है वैसे परिवार के यहां गिद्दा व भांगड़ा का आयोजन कर लोहड़ी मनाई गई।

सीतारामडेरा गुरुद्वारा के पास मनी लोहड़ी

सीतारामडेरा गुरुद्वारा के पास शुक्रवार की शाम करीब सात बजे लोहड़ी का आयोजन किया गया। इस मौके पर पाथी (उपले) में आग लगाई गई और अरदास के बाद आग में तिल, मकई, मूंगफली, रेवड़ी डालकर रब को याद किया गया। फिर इस आग के चारों ओर घूम-घूम कर भांगड़ा व गीद्दे की थाप पर युवतियां, महिलाएं पुरुष व बच्चे थिरकते रहे।

नए जोड़े ने किया सेलिब्रेट

मनीफीट निवासी मनजीत सिंह गिल की शादी मनप्रीत कौर गिल के साथ 10 नवंबर 2017 को हुई है। इस जोड़े की यह पहली लोहड़ी है। इस लोहड़ी के मौके पर दंपत्ति ने जमकर कर भांगड़ा व गिद्दा किया। इस मौके पर दंपत्ति के परिवार के लोग व बस्ती के लोग भी उपस्थित थे। रिफ्यूजी कालोनी निवासी तरनप्रीत सिंह व उनकी पत्नी हरप्रीत कौर ने भी लोहड़ी के मौके पर भांगड़ा किया।

गुरुद्वारा में मत्था टेकने पहुंची संगत

लोहड़ी के मौके पर विभिन्न गुरुद्वारों में मत्था टेकने के लिए सिख संगत गुरुद्वारा पहुंची। यहां कीर्तन सुनने के बाद प्रसाद ग्रहण किया और वापस घर लौट कर अपने घर के बुजुर्गो से पांव छूकर आशीर्वाद लिया। जिसके उपरांत शुक्रवार को घर में बने पकवान दही, चूड़ा, सरसो का साग,गुड़ की खीर, खिचड़ी शनिवार की सुबह ग्रहण किया।

घूम-घूम कर मांगी लोहड़ी

लोहड़ी त्योहार के अवसर पर शनिवार की शाम विभिन्न बस्ती व कॉलोनी के बच्चे अपने अपने क्षेत्र में घूम-घूम कर लोहड़ी के गीत गा कर गृहिणियों से लोहड़ी मांगी। इन बच्चों को गृहिणियों ने रुपये, मूंगफली, तिलकुट, मकई सहित खाद्य समाग्री दी।