- गोला एरिया के जानीपुर कस्बे में की वारदात

- कंबल दिखाने के झांसे में निकाल ली नकदी

GORAKHPUR: गोला एरिया के जानीपुर कस्बे में बिल्डिंग मैटेरियल्स की शॉप पर कंबल दिखाने के बहाने फेरीवालों ने 62 हजार रुपए की चपत लगा दी। दुकान के काउंटर पर कंबल फैलाकर फेरी वाले नकदी लेकर फरार हो गए। रकम लुटने की जानकारी होने पर पीडि़त ने शोर मचाया। लेकिन तब तक फेरीवाले जा चुके थे।

उड़ा दी नोटों की गड्डी

गोला के नेवरा निवासी रविंद्र यादव की जानीपुर में बिल्डिंग मैटेरियल्स की शॉप है। रविवार की दोपहर किसी जरूरी काम से वह कहीं चले गए। उनके पिता अयोध्या प्रसाद दुकान का कामकाज देख रहे थे। दोपहर करीब तीन बजे फेरी लगाकर कंबल बेच रहे तीन युवक दुकान पर पहुंचे। कंबल बेचने के लिए कैश काउंटर पर तामझाम फैला दिया। इस बीच मौका देखकर फेरीवाले एक युवक ने कैश काउंटर में रखी नोटों की गड्डी निकाल ली। कंबल न बिकने पर सारा सामान समेटकर चले गए।

कोउंटर देखा तो उड़ गए होश

फेरीवालों के जाने के थोड़ी देर बाद ही अयोध्या को नकदी की जरूरत पड़ी। कैश काउंटर में उन्होंने हाथ डाला तो होश उड़ गए। कैश काउंटर में रखी नोटों की गड्डी गायब थी। रुपए की तलाश में उन्होंने पूरे काउंटर की तलाशी ले ली। कंबल वालों के नकदी चुराने की आशंका में शोर मचाने लगे। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए। लोगों ने यूपी 100 को घटना की जानकारी दी। पीआरवी ने आसपास गांवों में कंबल वालों की तलाश कराई लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला।