खजनी एरिया के रामपुर-भीटी के बीच हुई वारदात

गहनों से भरा झोला लेकर रोजाना घर लौटते हैं ज्वेलर

GORAKHPUR: खजनी एरिया ज्वेलर को लूटने की कोशिश पब्लिक ने नाकाम कर दी। हिम्मत दिखाते हुए लोगों ने बाइक सवार एक बदमाश खींचकर गिरा दिया। उसकी जमकर धुनाई कर पुलिस को सौंपा। शनिवार शाम करीब सात बजे हुई वारदात सनसनी फैली रही। पकड़े गए बदमाश से पूछताछ कर पुलिस उसके दोनों साथियों की तलाश में जुटी है। वारदात को देखते हुए लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। उधर, चौरीचौरा एरिया के सोनबरसा बाजार में बाइक सवार बदमाशों ने बुजुर्ग महिला की चेन छीनने की कोशिश की। पब्लिक की सक्रियता पर बदमाश असलहा दिखाकर फरार हो गए।

ओवरटेक करके ज्वेलर को लूटा

खजनी एरिया के भीटी खोरिया निवासी कृष्ण कुमार वर्मा की बरडाड़ चौराहे जय गुरुदेव ज्वेलर्स नाम से ज्वेलरी शॉप है। रोजाना दुकान बंद कर दुकान की ज्वेलरी और नकदी लेकर कृष्ण कुमार घर चले जाते हैं। शाम करीब सात बजे वह दुकान बंद कर बेटी के साथ घर जा रहे थे। रामपुर गांव के पास पहुंचे तभी बाइक सवार तीन युवकों ने ओवरटेक कर रोक लिया। गमछा बांधे बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उनका झोला छीनना शुरू कर दिया। बीच वाले बदमाश ने ज्वेलर की कनपटी पर तमंचा सटा दिया। पीछे बैठे युवक ने उनका झोला छीन लिया।

साहस दिखाकर युवक ने दबोचा

ज्वेलर का झोला लेने के बाद तीनों तेजी से भीटी की ओर भागे। शोर मचाते हुए ज्वेलर ने भी उनका पीछा कर लिया। बाइक लेकर बदमाश मोबिन के घर के पास पहुंचे। तभी हिम्मत दिखाकर मोबिन ने झोला लेकर बैठे बदमाश को पकड़कर खींच लिया। बदमाश के गिरते ही उसके दो अन्य साथी असलहा लहराते हुए फरार हो गए। लोगों ने महुआ डाबर चौकी पर सूचना दी। कांस्टेबल मनोज यादव और दिवाकर दुबे तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पकड़े गए युवक ने पुलिस को बताया कि सिकरीगंज एरिया के बढ़यापार का दयाराम है। उसके पास से मतदाता कार्ड भी मिला। उसके साथ अनिरुद्ध और दिनेश थे। उसे साथ लेकर पुलिस अन्य दोनों की तलाश में निकल गई। ज्वेलर ने बताया कि उनके पास करीब एक लाख के गहने थे।

बुजुर्ग की चेन लूटने को मारा झपट्टा

चौरीचौरा एरिया के सोनबरसा बाजार में बदमाशों ने लूटपाट की कोशिश की। शाम को रामूडीहा गांव की बुजुर्ग प्रभा देवी घर लौट रही थीं। तभी बदमाशों ने चेन खींचने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर लोगों ने बदमाशों को दौड़ा लिया। हड़बड़ी में बदमाशों की बाइक एक फोर व्हीलर में फंस गई। बाइक छोड़कर असलहा दिखाते हुए बदमाश पैदल फरार हो गए। उनकी बाइक को कब्जे में लेकर पुंलिस जांच में जुटी है।

वर्जन

बदमाशों ने ज्वेलर से लूटपाट का प्रयास किया था। गांव के लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया। उससे पूछताछ करके अन्य के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

नासिर हुसैन, एसओ खजनी