RANCHI: उत्तरप्रदेश की तरह झारखंड में भी शुरू किए गए एंटी रोमियो स्क्वॉयड की तर्ज पर अब शातिरों ने भी मनचला स्क्वायड बना लिया है। यह स्क्वायड प्रेमी युगल को सुनसान रास्ते में पकड़कर पहले गाली-गलौज कर रहा है। फिर डराता-धमकाता है। इसके बाद छेड़छाड़ भी करता है। ऐसा ही एक वीडियो शनिवार को वायरल हुआ, जिसकी फुटेज पुलिस अधिकारियों को भेजी गई थी। इसके बाद पुलिस मुख्यालय हरकत में आया। आनन-फानन में एडीजी मुख्यालय अजय भटनागर ने सभी रेंज डीआइजी, एसपी एवं एसएसपी को इस मनचला स्क्वायड के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्देश जारी किया। साथ ही रामगढ़ एसपी को आरोपियों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने का भी निर्देश दिया। रामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोसा गांव के विक्की राज, रोहित कुमार, वीरेंद्र कुमार, नंदलाल महतो को गिरफ्तार कर लिया। प्रेमी युगल रांची के रहनेवाले हैं।

क्या है वीडियो में

वायरल वीडियो में दिख रहा है कि चार लड़कों ने बाइक पर जा रहे एक प्रेमी युगल को रोका। लड़का हेलमेट पहना था, जबकि लड़की हिजाब से चेहरा ढकी हुई थी। मनचलों के सामने आने से लड़की एकदम डर गई। वह बार-बार भइया जाने दीजिए की गुहार लगा रही है। लेकिन वे मानने को तैयार नहीं है। इसके बाद लड़की ने कहा कि आप लोग दो थप्पड़ मार दीजिए, लेकिन जाने दीजिए। लड़के ने पैसे देने की पेशकश की। कहा पैसे रख लीजिए भैया। इस पर एक मनचले ने कहा कि अरे पैसे का धौंस दिखा रहा है। जाओ पहले दुर्गा मंदिर में भ्00क् रुपए दान करो। इसी दौरान दूसरा युवक बोला शर्माजी को फोन किए हैं। लड़की बोली इतना पैसा नहीं है। फिर उसने प्रेमी से कहा कि जो पैसा है वो इनलोगों को दे दे। लड़के ने पॉकेट से पर्स निकालकर उनलोगों को करीब भ्00 रुपए दे दिए। सिर्फ पेट्रोल भरवाने के नाम पर एक सौ रुपये रख लिया।

वीडियो से पकड़ाए आरोपी

इस दौरान मनचलों में से एक प्रेमी युगल का वीडियो बना रहा था। इस पर लड़की ने चिल्लाते हुए कहा कि प्लीज वीडियो मत बनाइए। लेकिन मनचला बोला कि तुम्हारा वीडियो व्हाट्सएप्प पर वायरल होगा और वीडियो वायरल कर दिया। उधर, पैसा लेने के बाद प्रेमी युगल को मनचलों ने जाने दिया।