- टीपी नगर में हुई वारदात, पुलिस कर रही जांच

- नौतनवां की राइस मिल का पैसा ले जा रहे थे मुनीम

GORAKHPUR: कैंट एरिया के टीपी नगर में बाइक सवार दो बदमाशों ने फर्म का दो लाख रुपया लूट लिया। शुक्रवार की दोपहर करीब सवा तीन बजे हुई वारदात से सनसनी फैल गई। टीपी नगर पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर हुई घटना की सूचना पर कैंट पुलिस, क्राइम ब्रांच की टीम पहुंची। मुनीम पर फर्जीवाड़े का शक जताते हुए पुलिस ने बैंक अधिकारियों से जानकारी ली। लूट की सूचना पर मुनीम के रिश्तेदार भी पहुंचे।

एकाउंट से निकाले चार लाख

महराजगंज जिले के नौतनवां में राधेश्याम जायवाल की लक्ष्मी राइस मिल है। उसी मिल में संतकबीर नगर जिले के मेंहदावल, बसडीला निवासी अवधराज दो साल से मुनीम पद पर तैनात हैं। शुक्रवार दोपहर वे फर्म के एकाउंट से चार लाख रुपए निकालने के लिए एसबीआई मेन ब्रांच में पहुंचे। वहां चेक से चार लाख रुपए का विदड्राल किया। पांच सौ रुपए की नोट के दो लाख और सौ रुपए की नोट के दो लाख का भुगतान कैशियर ने किया। मुनीम ने सौ रुपए की नोट वाले दो लाख रुपए काले बैग में रख लिए। पांच सौ रुपए की नोट के दो लाख रुपए जेब में रखकर बैंक से निकले।

टेंपो से उतरते ही ले भागे बैग

बैंक रोड से रिक्शा पकड़कर वह शास्त्री चौराहे पर पहुंचे। वहां से टेंपो पकड़कर वह टीपी नगर जा रहे थे। टीपी नगर पुलिस चौकी के सामने टेंपो रुकने पर अवधराज उतरकर किराया देने लगे। तभी बाइक सवार दो युवक पहुंचे। झपट्टा मारकर अवधराज के हाथ से बैग छीनकर नौसढ़ की ओर भाग निकले। बैग छिनने पर मुनीम ने शोर मचाया तो लोगों को जानकारी हुई। मुनीम ने अपने भाई छोटू और शहर में रहने वाले रिश्तेदारों को लूट की सूचना दी। फिर पुलिस को वारदात की सूचना दी। मामले की जानकारी पाकर मौके पर पुलिस पहुंची। मुनीम को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुट गई। बैंक में ले जाकर रुपए निकालने की जानकारी ली। पुलिस ने शक जताया कि रुपए हड़पने की नीयत से मुनीम झूठ बोल रहे हैं। मुनीम को हिरासत में लिए जाने की सूचना पर कृष्णा नगर में रहने वाले उनके मामा सुनील पहुंचे। पीडि़त पर ही शक जताने को लेकर उन्होंने कड़ी आपत्ति जताई।

मामला फर्जी मान रही पुलिस

मुनीम ने बताया कि वह दो साल से फर्म में काम कर रहे हैं। वह अक्सर रुपए लेने के लिए गोरखपुर आतेृजाते रहते हैं। करीब डेढ़ माह बाद इस बार रुपए लेने आए। मेंहदावल से शनिवार की सुबह वह नौतनवां फर्म पर जाते। वहीं, जांच पड़ताल में जुटी पुलिस मुनीम को झूठा मान रही है। पुलिस को शक है कि रुपए घपला करने के लिए मुनीम ने गड़बड़झाला किया है। वैसे, इधर बैंक से नकदी निकालने वाले लोग बदमाशों के निशाने पर रहे हैं। शहर से लेकर गांव तक आए दिन ऐसी वारदातें हो रही हैं। गुरुवार को बड़हलगंज एरिया में बदमाशों ने बुजुर्ग का हालचाल पूछने के बहाने 10 हजार रुपए छीन लिए थे। मुनीम के पास रकम अधिक होने से पुलिस इसे फर्जी करार देने में जुटी है।

वर्जन

मैं पैसा निकालकर मेंहदावल जा रहा था। टीपी नगर में मुझे बस पकड़नी थी। टेंपो से उतरते ही बाइक सवार दो युवक आए। मैं कुछ समझ पाता, इसके पहले दोनों पैसे वाला बैग छीनकर फरार हो गए।

- अवधराज, पीडि़त

दो लाख रुपए की छिनैती की सूचना पर जांच पड़ताल की जा रही है। मुनीम को साथ लेकर बैंक कर्मचारियों से जानकारी ली गई है। मुनीम के पास आधी रकम बची हुई है।

- अभय कुमार मिश्र, सीओ कैंट