- छटीकरा स्थित चंद्रोदय मंदिर में प्रणब मुखर्जी ने की थी प्रतिमा स्थापना

- ढाई किलो शुद्ध सोने की है प्रतिमा, पुलिस में हडकंप

वृंदावन:: दुनिया की सबसे ऊंचे बन रहे चंद्रोदय मंदिर के शिलान्यास समारोह में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने ष्टधातु निर्मित शेषनाग की जिस प्रतिमा का पूजन किया था, अज्ञात चोर उसे चुरा ले गए है। करीब ढाई किलो शुद्ध सोने की इस प्रतिमा के चोरी होने की वारदात से पुलिस महकमे में हडकंप मच गया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंच निरीक्षण किया। चोरों की तलाश में टीमें दौड़ लीं।

छटीकरा मार्ग स्थित अक्षयपात्र संस्था परिसर में विश्व के सर्वाधिक ऊचाई वाले चंद्रोदय मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। जिसमें वैदिक परम्परानुसार भूमि पूजन के उपरान्त शेषनाग पूजन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने 16 नवम्बर 2014 को किया था। समारोह में प्रदेश के राज्यपाल रामनाईक भी आए थे। मंगलवार सुबह जब अक्षयपात्र संस्था के निजी सुरक्षाकर्मियों ने शेषनाग की प्रतिमा और अन्य प्रतीक चिन्ह गायब देखे तो अक्षयपात्र के पदाधिकारियों को सूचित किया। शेषनाग के चोरी होने की खबर सुनते ही संस्था परिसर में खलबली मच गई। तत्काल स्थानीय पुलिस को अवगत कराया गया। सूचना पाते ही पुलिस अधीक्षक मुकुल द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी सदर आरके गौतम, कोतवाली प्रभारी उदय प्रताप सिंह मौके पर पहुच गये। मामले की खोजबीन शुरु कर दी। घटनास्थल पर ¨फगर¨प्रट एक्सपर्ट एवं डॉग स्क्वायड ने भी निरीक्षण किया है। इस सम्बन्ध में मंदिर के पीआरओ कमलयोगी ने बताया कि चोरी गए अष्टधातु निर्मित शेषनाग का वजन करीब 2.5 किलो था। विदित हो कि इस मंदिर का भूमि पूजन प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा किया गया था। संस्था के पदाधिकारियों के हाईप्रोफाइल सम्बन्ध होने के कारण इस चोरी को लेकर पुलिस महकमे मे हडकम्प मचा हुआ है। पुलिस की कई टीमें संदिग्धो की तलाश में जुटी हुई है। एसपी सिटी मुकुल द्विवेदी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक संस्था की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। चंद्रोदय मंदिर के पीआरओ अनंतवीर ने कहा कि कड़ी सुरक्षा के बावजूद शेषनाग की प्रतिमा चोरी हो गई, पुलिस के लिए ये चुनौती है।