-एक डॉक्टर ने प्रेमजाल में फंसाकर किया यौन शोषण

-शादीशुदा है डॉक्टर, छात्रा से दूसरी शादी करना चाहता था

-डॉक्टर ने खुद को बताया बेकसूर, कहा कि बेटी की तरह थी

KANPUR : नवाबगंज में मेडिकल छात्रा के सुसाइड के पीछे लव, सेक्स और धोखे की कहानी सामने आई है। उसका एक डॉक्टर से अफेयर चल रहा था। आरोप है कि उनके बीच फिजिकल रिलेशन भी थे, लेकिन जब छात्रा को डॉक्टर के पहले से शादीशुदा होने के बारे में पता चला तो उसका भरोसा टूट गया। उसने किसी तरह खुद को संभाला था कि डॉक्टर उस पर मिलने का दबाव बनाने लगा, जिसे लेकर वो तनाव में चल रही थी। इसी वजह से उसने सुसाइड की है। भाई की तहरीर पर पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, डॉक्टर ने खुद को बेकसूर बताते हुए कहा कि छात्रा उनकी बेटी की तरह थी।

रात में ही हुआ पोस्टमार्टम

नोएडा में रहने वाले ट्रेड टैक्स कमिश्नर बद्री प्रसाद की बेटी प्रियंका शर्मा (25) लखनपुर स्थित डेंटल कॉलेज में एमडीएस की छात्रा थी। वो यहां पर नवाबगंज स्थित प्रेम बृजधाम अपार्टमेंट में मां के साथ किराये के फ्लैट में रहती थी, जबकि उसका भाई प्रशांत लखनऊ में रहता है। उसकी मां करीब एक हफ्ते पहले बेटे के पास लखनऊ गई थी। घर में प्रियंका अकेले थी। शाम को प्रियंका के मोबाइल रिसीव न करने से घर वाले परेशान हो गए। बुआ का लड़का उसे देखने के लिए फ्लैट आया तो पता चला कि उसने दुपट्टे से फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया है। डीएम के आदेश पर रात को उसका पोस्टमार्टम हुआ तो उसके सुसाइड करने की पुष्टि हो गई, लेकिन उसके सुसाइड करने का कारण नहीं पता चल पाया।

पढ़ाते-पढ़ाते जाल में फंसा लिया

पुलिस उसके मोबाइल और लैपटॉप को कब्जे में लेकर पड़ताल कर रही थी कि सुबह पीडि़त के भाई ने थाने जाकर स्वरूपनगर निवासी डॉक्टर हरवीर सिंह सोढ़ी की वजह से बहन के सुसाइड करने का आरोप लगाया। डॉक्टर हरवीर प्रियंका को पढ़ाते हैं। आरोप है कि इसी बीच उन्होंने प्रियंका को अपने प्यार के जाल में फंसा लिया। प्रियंका उस पर इतना भरोसा करती थी कि घरवालों ने उसको हरवीर से बात करने से मना किया तो उसने हरवीर की बजाय घर वालों से बात करना बन्द कर दिया था। आरोप है कि छात्रा के हरवीर के साथ फिजिकल रिलेशन भी थे। वो उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था। घर वाले डॉक्टर हरवीर को ही उसके मौत का जिम्मेदार मान रहे हैं।

---------------------

दोस्तों ने की पुष्टि, छह साल से थे रिलेशन

आई नेक्स्ट ने प्रियंका के साथियों से बात की तो उन्होंने भी नाम न छापने की शर्त पर डॉक्टर हरवीर की पोल खोल दी। उन्होंने बताया कि डॉक्टर हरवीर पहले प्रियंका को पढ़ाते थे। इसी बीच उनके बीच प्रेम संबंध हो गए। प्रियंका के छह साल से डॉक्टर हरवीर से संबंध थे। वहीं, अपार्टमेंट के गार्ड ने भी डॉक्टर के छात्रा से अकेले फ्लैट में मिलने की पुष्टि की है। उसका कहना है कि छात्रा की मां अक्सर बेटे के पास चली जाती थी। इस दौरान छात्रा फ्लैट में अकेले रहती थी तो डॉक्टर उससे मिलने जाते थे। वो दो से तीन घंटे तक उसके साथ फ्लैट में रहते थे।

--------------------

शादीशुदा है डॉक्टर, दो बच्चे भी हैं

डॉक्टर हरवीर शादीशुदा हैं। उनके दो बच्चे भी हैं। उनका प्रियंका से संबंध की बाबत कहना है कि उनके प्रियंका से कोई नाजायज संबंध नहीं थे। प्रियंका उनकी स्टूडेंट और बेटी की तरह थी। वो उसको बेटी मानते थे। प्रियंका परेशान होने पर उनके सलाह लेती थी। इस बारे में उनके घरवाले भी जानते हैं। अब वे उनको उसकी मौत का जिम्मेदार क्यों बता रहे हैं, यह उनको समझ में नहीं आ रहा है।

--------------------

आईआईटीयन से दोस्ती टूटने से दुखी थी

सोर्सेज के मुताबिक प्रियंका की आईआईटीयन देवांश से करीबी दोस्ती थी, लेकिन करीब तीन महीने पहले उनका ब्रेकअप हो गया था। जिसे लेकर भी प्रियंका काफी दुखी रहने लगी थी। प्रियंका उसको मनाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन देवांश उससे बात करने से इंकार करता रहा।