- कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में फिजिकल एजूकेशन के डायरेक्टर अर्जुन अवार्डी ने दलेल सिंह का आरोप

- कैंपस में लड़कियों के साथ दु‌र्व्यवहार और बेइमानी के मुद्दे को विश्वविद्यालय खेल संघ की एनुअल जनरलबॉडी मीटिंग में रखेंगे

sanjeev.pandey@inext.co.in

LUCKNOW: कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी की टीम के साथ लखनऊ में बेईमानी हुई है। रेफरी के दम पर हमारी टीम को जबरदस्ती हराया गया है। हमारी टीम कई बार नार्थ जोन के साथ ही ऑल इंडिया चैम्पियन रही है। ऐसी शानदार टीम कभी उस खराब टीम से हार जाती है, जिसने कभी ऑल इंडिया के लिए क्वालीफाई ही नहीं किया। यह कहना था दलेल सिंह का। कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में फिजिकल एजूकेशन के डायरेक्टर अर्जुन एवार्डी दलेल सिंह ने आई नेक्स्ट से फोन पर लंबी बातचीत की। उन्होंने लखनऊ यूनिवर्सिटी में आयोजित हुई नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी वीमेन हॉकी चैम्पियनशिप में बदइंतजामी पर खासी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि मुकाबले या फिर प्रैक्टिस के दौरान लड़के मैदान तक कैसे पहुंच गए। इसका खामियाजा भी ग‌र्ल्स प्लेयर्स को भुगतना पड़ा। रोहतक की लड़कियों से हुई छेड़छाड़ की खबर देशभर में चली। आयोजकों ने सुरक्षा के इंतजाम क्यों नहीं रखे। उन्होंने बताया कि मारपीट के मामले में नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी वीमेन हॉकी चैम्पियनशिप के आयोजकों को मेल कर दिया गया है।

इसीलिए लखनऊ को नहीं जाती मेजबानी

लखनऊ यूनिवर्सिटी में आयोजित हॉकी चैम्पियनशिप के मामले में उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र की लड़कियों पर मारपीट के झूठे आरोप लगाया गया है। लखनऊ यूनिवर्सिटी में कभी खेल का माहौल ही नहीं रहा, वह टीम एकाएक चैम्पियन बन जाती है। इसीलिए उसे कभी मेजबानी नहीं दी जाती है। 14-15 साल बाद जब उसे मेजबानी मिली तो उसने यह कारनामा कर दिखाया। डॉ। दलेल ने बताया कि वहां से लौटने के बाद हमारी टीम के खिलाडि़यों से बातीचत हुई तो पता चला कि हमारे खिलाडि़यों को वहां के आयोजकों ने नोटिस दी है। मारपीट का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि जब हमारी खिलाड़ी रेफरी के पास कम्लेन लेकर पहुंची तो उसने कहा कि ध्यान रखो कि तुम यूपी में खड़ी हो। बस इसी के बाद हमारी ग‌र्ल्स भड़क गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। लेकिन हमारी टीम की ग‌र्ल्स ने किसी को मारा नहीं है। इसकी सफाई आयोजकों को भेजी जा चुकी है। इसके साथ ही लखनऊ यूनिवर्सिटी में हुई बेईमानी के साथ वहां की बदइंतजामी के बारे विश्वविद्यालय खेल संघ की बैठक में रखा जाएगा। उसकी एजीएम के बारे में जानकारी उन लोगों को दी जाएगी जिन्होंने लखनऊ यूनिवर्सिटी को मेजबानी दी है।

हम सुरक्षा का ध्यान रखते हैं

दलेल सिंह ने बताया कि हम इस चैम्पियनशिप की मेजबानी कर चुके हैं। हमारे यहां कभी भी ना तो बेईमानी हुई है और ना ही किसी से मारपीट। छेड़खानी को लेकर तो हम बेहद सजग रहते हैं। जरूरत पड़ने पर सुरक्षा व्यवस्था या पुलिस को बुला लेते हैं। लेकिन बाहर से आई लड़कियों के साथ छेड़खानी की सम्भावना नहीं होती। आखिर बाहर से आई लड़कियों के पैरेंट्स तो हम ही होते हैं। उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी हमारी हैं। ऐसे में लखनऊ यूनिवर्सिटी में आयोजित हुई हॉकी में गई लड़कियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी आयोजकों की थी। उन्हें इस पर ध्यान देना चाहिए।