ALLAHABAD: शारदीय नवरात्र की पावन अष्टमी तिथि पर शहर में विशेष रूप से तैयार किए गए दुर्गापूजा पूजा पंडालों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से शुरू हुआ दर्शन-पूजन का दौर देर रात तक निरंतर चलता रहा। मां की संधि पूजा रात 12 बजकर 16 मिनट पर आरंभ कर 1.04 बजे तक चली। पूजा पंडालों व कालीबाड़ी मंदिर में 108 कमल के फूल, 108 दीपों को जलाकर दुर्गा सप्तशती का पाठ किया गया। इसके बाद मां को प्रसन्न करने के लिए बलि चढ़ाई गई, बाद में उसे प्रसाद स्वरूप वितरित किया गया। मान्यता है कि मां संधि पूजा के समय साक्षात प्रकट होकर भक्त की हर कामना पूरी करती हैं। लूकरगंज बारवारी की पूजा में उषा आरती के बाद विधिवत पूजन-अर्चन हुआ। इसमें मिहिर दे, देवब्रत दे, रजत दे शामिल हुए। रामानंदनगर बीएचएस दुर्गा पूजा कमेटी की पूजा में मंत्रोच्चार के बीच मां की स्तुति हुई। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ। कैंट स्थित सदर बाजार फुटबाल ग्राउंड में चल रही श्री छावनी दुर्गा पूजा कमेटी मंत्रोच्चार के बीच मां की भव्य पूजा व सांस्कृतिक कार्यक्रम हो रहा है।