- शाहपुर के आनंद बाजार की घटना, ससुराल से कुछ दूरी पर ही मिली लाश

- मृतक हाजीपुर नया गांव का रहने वाला, पत्नी से अलग रहता था

PATNA : शाहपुर थाना के आनंद बाजार एरिया में एक व्यक्ति की लाश गुरुवार की सुबह ही नाले में फेंकी हुई मिली। बाद में उसकी पहचान हाजीपुर के नया गांव के सिद्धेश्वर ओझा (ब्0) के रुप में की गई। उसकी हत्या ईट और पत्थर से सिर कूचकर की गई है। घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर उसकी ससुराल है। काफी देर बार उसके साला ने पहुंचकर उसकी पहचान की। सिद्धेश्वर शराब पीने का आदी था।

पत्नी से अलगाव था

सिद्धेश्वर और उसकी पत्नी मंजू देवी में तीन सालों से अनबन चल रही थी। पत्नी शाहपुर के ही मुकाबरपुर में रहती है। उसने पुलिस को बताया कि तीन दिन पहले सिद्धेश्वर उसके घर आया और दरवाजा पीट रहा था। नशे में था और उसे एक पानी की बोतल दी गयी थी उसके बाद फिर उसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। हत्या बुधवार की रात ही की गई है। उसके बाद लाश को ठिकाने लगाने के लिए मिडिल स्कूल के समीप नाले में फेंक दिया गया। इस संबंध में शाहपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि सिर पर ईट या पत्थर से कूच कर मारा गया है। सच्चाई तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ पायेगी। उन्होंने बताया कि ससुराल पक्ष पर शक है मगर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। काफी देर बाद उनलोगों ने पहचान की। पहले तो पत्नी आ नहीं रही थी और कह रही थी कि वह उसका पति नहीं हो सकता। काफी मशक्कत के बाद जब आई तब पहचान की, जबकि आसपास के लोगों ने उसे पहचान लिया था। छानबीन की जा रही है कातिल जल्द पकड़ा जाएगा।