-सीयूजे में शेक्सपियर के प्रसिद्ध नाटक मैकबेथ का मंचन

-डेढ़ घंटे तक दर्शकों को कलाकारों ने बांधे रखा

RANCHI: एक महत्वाकांक्षी व्यक्ति को मित्र की हत्या का अपराधबोध किस प्रकार कचोटता है। यह बुधवार को मंच पर एक बार फिर से जीवंत हुआ। दरअसल, सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड की सेंटर फॉर म्यूजिक एंड परफार्मिग आ‌र्ट्स द्वारा शेक्सपियर के प्रसिद्धनाटक मैकबेथ का मंचन किया गया। इसमें एक महत्वाकांक्षी व्यक्ति राजा और मित्र की हत्या करवा तो देता है, पर उसकी चेतना और अपराधबोध उससे कैसे सवाल करते हैं। इस नाटक में यही दिखाया गया है।

दर्शकों की आंखें हुई नम

विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर वेंकट नरेश बुर्ला द्वारा निर्देशित लगभग डेढ घंटे का यह नाटक दर्शकों को बांधे रखता है। मैकबेथ की भूमिका मोहित, लेडी मैकबेथ की भूमिका पूनम कुमारी, डंकन की भूमिका में आलोक पांडे, बैंकों की भूमिका कुणाल आनंद ने अदा की। संवाद की रोचकता और भावपूर्ण अभिनय ने दर्शकों की आंखे नम कर दीं। संगीत सोमनाथ हाजरा, रोहित पथक व राज किशोर आर्या का,वेश-भूषा सहयोग शिव प्रसाद तुमु और प्रकाश संयोजन नीरज कुमार का रहा। मौके पर वीसी नंद कुमार यादव इंदु ने अभिनेताओं को साधुवाद दिया। कहा कि साहित्य, कला एवं संगीत जीवन के अभिन्न अंग हैं। यूनिवर्सिटी इनके विकास के लिए कटिबद्ध है।

स्कूली बच्चों को बंटे बैग व मफलर

सीयूजे के वीसी डॉ। नंद कुमार यादव इंदु ने यूनिवर्सिटी की ओर से संचालित ग्रामीण छात्रों को फ्री शिक्षा दान के तहत लगभग डेढ सौ बच्चों को बैग और मफलर बांटे। वीसी ने पेपर आर्ट और पेटिंग प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया।