RANCHI: सारांश, जख्म व तमन्ना जैसी फिल्मों के डायरेक्टर महेश भट्ट इन दिनों रांची में हैं। वो यहां अपनी आने वाली फिल्म बेगम जान की शूटिंग के सिलसिले में पहुंचे हुए हैं। शुक्रवार की दोपहर होटल से एक प्रोग्राम में भाग लेने जा रहे थे। तभी उनकी नजर ऑटो चलाती महिलाओं पर पड़ गई। फिर क्या था। महेश भट्ट ने अपनी कार रुकवाई। अपनी गाड़ी से उतर कर ऑटो में बैठ गए। वहां उन्होंने महिला ऑटो ड्राइवरों के साथ बातचीत की। उनके साथ सेल्फी भी ली। ये महिलाएं रांची में पिंक ऑटो चलाती हैं। महिला ऑटो ड्राइवरों के लिए यह बेहद आश्यर्चजनक रहा। महेश भट्ट को अपने साथ पाकर वो काफी खुश नजर आईं। इस दौरान यहां लोगों की भीड़ जमा हो गई।

फिल्मों का पुराना दौर लौटा

डायरेक्टर महेश भट्ट ने रांची में कहा कि फिल्मों का पुराना दौर एक बार फिर से वापस आ रहा है। इसलिए अब दर्शक फूहड़ मनोरंजन नहीं चाहते। उन्हें सोशल कंसर्न से जुड़ी फिल्में पसंद आ रही हैं। ऐसी फिल्में जिसमें एंटरटेनमेंट होने के साथ-साथ इमोशनल टच भी हो। उन्होंने कहा कि ऐसी ही एक फिल्म है बेगम जान।