- गगहा एरिया के बरईपार की घटना

- सोमवार की सुबह निकला था अर्जुन

GORAKHPUR:

गगहा एरिया के बरईपार निवासी रामसेवक के बेटे अर्जुन की डेड बॉडी खेत में मिली। वह सोमवार की सुबह दो परिचितों के साथ घर से निकला था। उसके घर न लौटने पर परिजन तलाश कर रहे थे। अबुझ हाल में युवक की मौत होने पर लोगों ने हत्या करके डेड बॉडी फेंके जाने की आशंका जताई। अर्जुन को साथ ले जाने वाले युवकों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।

लापता था अर्जुन

मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे बड़गों निवासी मुराली के खेत में लोगों ने युवक की डेड बॉडी देखी। कुछ ही देर में यह बात पूरे इलाके में फैल गई। युवक के मुंह और नाक से खून बह रहा था। कुछ देर बाद युवक की पहचान अर्जुन के रूप में हुई। सोमवार को घर से निकले अर्जुन की डेड बॉडी मिलने की सूचना पाकर परिजन भी पहुंच गए।

भट्ठे के पास दिखा था युवक

आसपास के गांव के लोगों ने परिजनों को बताया कि अर्जुन सोमवार की शाम ईट भट्ठे के पास घूम रहा था। लेकिन बाद में वह कहां गया। इसके बारे में किसी को पता नहीं चल सका। मंगलवार की सुबह उसकी डेड बॉडी मिली। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई। युवक को घर से बुलाकर ले जाने वाले दोनों युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया। युवकों ने बताया कि वह लोग सुबह ही उसके साथ रहे। बाद में वह कहां चला गया। इसके बारे में जानकारी नहीं है। अर्जुन के चाचा राम प्रताप की तहरीर पर पुलिस जांच में जुटी है।