ALLAHABAD: एक सनकी ने सोमवार को रिश्तों का कत्ल कर दिया। वह भी एक या दो नहीं तीन-तीन रिश्ते। इस सनक में एक दामाद, एक पति और एक पिता तीनों रिश्तों का कत्ल हुआ। तिहरे हत्याकांड की ये वारदात करेली के शम्स नगर मोहल्ले में हुई। मृतकों में मो। युनुस 70, बेटी सलमा 30 व सलमा की पांच वर्षीय बेटी आइना शामिल है। वारदात को सोमवार दोपहर करीब 12 बजे अंजाम दिया गया। सूचना पर एसएसपी आकाश कुलहरि, एसपी सिटी सिद्धार्थ, सीओ बैरहना सुकीर्ति माधव सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। डाग स्क्वॉड टीम ने जांच पड़ताल शुरू की। तब तक घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। डॉग स्क्वॉड की जांच के आधार पर पुलिस ने दामाद उस्मान को हिरासत में ले लिया। खबर लिखे जाने तक दामाद से पूछताछ जारी है।

 

कई दिनों से बीमार थे युनुस

करेली थाना क्षेत्र के शम्स नगर मोहल्ला निवासी मो। युनुस खान पैरालिसिस अटैक के कारण काफी बीमार चल रहे थे। उनकी स्थिति दिव्यांग जैसी हो गई थी। वे अपनी बेटी सलमा, दामाद उस्मान और नातिन आइना के साथ अबूबकर मस्जिद के पास किराए के मकान में रहते थे। सोमवार दोपहर सलमा को भाई के लिए परिवार के साथ लड़की देखने जाना था। इस पर मंसूर पार्क में रहने वाली बहन शहनाज बेगम ने सलमा के मोबाइल पर दोपहर करीब एक बजे फोन किया। कई बार फोन के बावजूद नहीं उठा तो वह परेशान होकर घर पहुंच गई। वहां की हालत देख वह चीख पड़ी। चीख-पुकार सुनकर लोग जुटे तो अंदर का हाल देख वे भी सहम गए। घर के गलियारे में युनुस और कमरे में बिस्तर पर सलमा और उसकी बेटी आइना की खून से लथपथ लाश पड़ी थी।

 

दामाद के बगल जा बैठा डॉग

मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ शुरू की। वे अभी जानसेनगंज में दुकान लगाने वाले युनुस के दामाद सौरभ चौरसिया उर्फ उस्मान से पूछताछ कर ही रहे थे कि तभी खोजी कुत्ता उसके पास आकर बैठ गया। इससे पुलिस का संदेह पुष्ट हो गया तो उसे तत्काल हिरासत में ले लिया गया। पुलिस सूत्रों की मानें तो दामाद ने हत्या की बात कबूल कर ली है। घर के बाथरूम में ही उसने खून लगा हाथ धोया है और मकान से उसकी लुंगी व हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। उस्मान के हाथ में लगी चोट ने भी पुलिस के शक को बल दिया।

 

पैसे के लेनदेन की बात कही

पुलिस सूत्रों की मानें तो पहले उस्मान इधर-उधर बात करता रहा, लेकिन जब सख्ती की गई तो उसने बताया कि पैसे के लेन देने को लेकर पत्नी सलमा से विवाद हुआ। अचानक सलमा ने उस पर चाकू से हमला बोल दिया। तब उसने खुद को बचाया और सलमा से चाकू छीनकर उसका कत्ल कर दिया। इस दौरान उसने ससुर को भी मार डाला। उसी गुस्से में बेटी आइना का भी कत्ल कर दिया। हालांकि पुलिस अधिकारियों का मानना है कि हत्या के पीछे कोई और वजह है, जिसे उस्मान छिपा रहा है।


पिछले साल किया था निकाह

पुलिस के मुताबिक मो। उस्मान ने सलमा से पिछले साल निकाह किया था। वह शाहगंज एरिया में रहता था। उसकी सलमा से मुलाकात हुई और उसने निकाह के लिए धर्म परिवर्तन कर लिया। इसके बाद वह संदीप चौरसिया से मो। उस्मान बन गया और सलमा के साथ रहने लगा। बताया जाता है कि सलमा ने पहले शौहर को छोड़ दिया था। उस्मान से उसका दूसरा निकाह हुआ था। पहले शौहर की बेटी आइना थी।

 

रोते-बिलखते पहुंचे परिवार वाले

जैसे ही मो। युनुस की पत्नी शाहजहां, बेटे युसुफ समेत परिवार के अन्य सदस्यों को कत्ल की जानकारी हुई वे रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। पति की लाश देख शाहजहां बदहवास हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ साल पहले मो। युनूस को पैरालाइसिस का अटैक पड़ा तो वे परिवार को छोड़ बेटी सलमा के साथ किराए के मकान में रहने लगे। यह भी चर्चा थी कि ससुर ने दामाद को बिजनेस के लिए कुछ रकम दी थी, जिससे वह अपना काम धंधा शुरू कर सके।

 

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की चाकू से हत्या की गई है। कत्ल के पीछे परिवारिक विवाद सामने आ रहा है। फिलहाल दामाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सच्चाई पता लगाकर जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

-आकाश कुलहरि, एसएसपी

Crime News inextlive from Crime News Desk