-गुलरिहा एरिया के मंगलपुर, कजरहटे की घटना

-चिलुआताल किनारे खेत में मिली युवती की डेड बॉडी

GORAKHPUR: गुलरिहा एरिया के मंगलपुर, कजरहटे में युवक ने पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। शनिवार रात बाइक सवार युवक ससुराल पहुंचा। आधी रात बाद पत्नी को बुलाकर चिलुआताल की ओर ले गया। खेत में उसका गला रेतकर फरार हो गया। सुबह नेचुरल कॉल पर निकले लोगों ने डेड बॉडी देखकर शोर मचाया। युवती के भाई की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।

आधी रात को बुलाकर ले गया पति

मंगलपुर, कजरहटे निवासी स्व। अमरचंद की बेटी रिंकू की शादी एक साल पूर्व कैंपियरगंज के सरपतहां निवासी राजकुमार के साथ हुई। शादी के बाद ससुराल गई रिंकू दो माह बाद ही मायके लौट आई थी। तब वह मायके में अपनी मां के पास रह रही थी। शादी में लेनदेन के विवाद को लेकर ससुरालियों ने उसकी विदाई नहीं कराई। लेकिन उससे मिलने के लिए राजकुमार चोरी-छिपे ससुराल में आता जाता रहता था। शुक्रवार रात बाइक लेकर राजकुमार पहुंचा। पत्‍‌नी को साथ लेकर कहीं चला गया। सुबह खेत में रिंकू की डेड बॉडी मिली।

मर्डर से पूरे से इलाके में सनसनी

युवती की हत्या की सूचना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। गुलरिहा पुलिस मौके पर पहुंची। युवती की मां ने पुलिस को बताया कि रात में उसका दामाद आया था। तब उसकी बेटी अपनी ममेरी बहन खुशबू संग सो रही थी। किसी बहाने से बुलाकर वह बेटी को लेकर चला गया। लेकिन पति-पत्‍‌नी के बीच मामला होने से मां ने किसी को यह जानकारी नहीं दी। महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी से दामाद की मोबाइल पर बात होती रहती थी। आरोपी के बारे में जानकारी मिलने पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। घटना के बाद से उसका मोबाइल स्वीच आफ बता रहा है।

भाई ने दर्ज कराया बहनोई पर मुकदमा

रिंकू के छोटे भाई मोनू ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि दहेज के लेनदेन को लेकर उसके बहन-बहनोई में विवाद चल रहा था। उसके जीजा अक्सर जानमाल की धमकी देता रहता था। गांव में चर्चा है कि इस तरह के संबंध नहीं थे कि युवती अपने पति के बुलाने पर कहीं चली जाए। घर से कहीं निकलने पर रिंकू अपनी मां को जरूर बताती थी। पुलिस की जांच में सामने आया कि हत्या के पहले पति-पत्‍‌नी के बीच काफी संघर्ष हुआ था। जान बचाने के लिए युवती ने कोई कसर नहीं छोड़ी थी। करीब 10 मीटर के दायरे में खेत के भीतर के रिंकू की टूटी हुई चूडि़यां बिखरी पड़ी थी। लोगों ने तीन बाइक से कुछ लोगों को खेत में भटकते देखा था। रिंकू के भाई सोनू की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

वर्जन

हत्या के मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगी है। जल्द उसे पकड़ लिया जाएगा।

अनिल उपाध्याय, एसओ गुलरिहा