- छह महीने पहले आया था मिस्ड कॉल, होने लगी बात

- सास को हुई शंका तो खुल गया सारा मामला

- बहू का रिश्तेदार जान पहले की खातिरदारी, सच्चाई खुलने पर पहुंचाया थाने

SARAHRI: गुलरिहा क्षेत्र के एक गांव में महिला ने अपने आशिक को रिश्तेदार बनाकर एंट्री दिलाई। सास व अन्य लोगों ने खूब खातिरदारी की लेकिन किसी सवाल का सही जवाब न मिलने पर सास को शंका हो गई। मुंबई में रहने वाले बेटे और उसके ससुराल में कॉल कर पूछताछ की तो ऐसे किसी रिश्तेदार के बारे में सूचना नहीं मिली। इसके बाद उस मेहमान की घर वालों ने दोबारा अलग ढंग से 'खातिरदारी' की। कड़ाई हुई तो मेहमान ने सब उगल दिया। पुलिस बुधवार को उसे थाने ले गई। देर शाम तक दोनों पक्ष में सुलह की कोशिश हो रही थी।

2 साल पूर्व हुई शादी

महिला की शादी 2 साल पहले हुई थी। पति मुंबई में रहता है। मुंबई में ही रहने वाले एक युवक की छह माह पहले महिला के पास मिस्ड कॉल आया। इधर से कॉल कर महिला ने नाम पूछा। इसके बाद दोनों में बातचीत होने लगी। महिला ने उसे बताया कि उसके पति भी मुंबई में ही रहते हैं। फिर युवक ने महिला का घर पूछा। इसके बाद उसने खुशी से बताया कि वह पास के ही गांव का रहने वाला है। पड़ोसी गांव का होने और एक ही जाति से होने के कारण दोनों में घनिष्ठता बढ़ती चली गई।

देखना चाहता था

युवक ने घर वालों को बताया कि छह माह से महिला से बात हो रही थी। वह उसे देखना चाहता था। इन दिनों छुट्टी पर घर आया तो उससे मिलने के लिए कहा। इसके बाद प्लान बना कि वह रिश्तेदार बनकर घर जाएगा। इसी प्लान के तहत वह मंगलवार को महिला के घर गया था। महिला ने दूर के रिश्तेदार के रूप में उसकी पहचान अपनी सास व अन्य लोगों से कराई। घर वालों ने भी पूरी आवभगत की। हालांकि यह बात घर वालों को खटकती रही कि 2 साल में कभी न तो वह रिश्तेदार आया और न ही उसका कभी जिक्र हुआ था।

सास ने की तहकीकात

घर के सारे लोग सो गए लेकिन महिला की सास को रिश्तेदार पर संदेह बना रहा। उसने अपने मुंबई में रहने वाले बेटे से जानकारी ली तो उसे उस रिश्तेदार के बारे में कुछ पता नहीं था। उसके बाद शक बढ़ गया। फिर सास ने बहू के मायके वालों को कॉल किया। वहां भी युवक के बारे में कोई जानकारी होने से इनकार किया गया। सास ने यह बात घर वालों को बताई। उसके बाद लोग युवक से पूछताछ करने लगे। दबाव बढ़ा तो युवक ने सारी सच्चाई उगल दी।

मेहमान पहुंच गया हवालात

जैसे ही सच्चाई सामने आई घर वालों ने पुलिस को सूचना दे दी। कुछ देर पहले मेहमान के रूप में जिस युवक की खातिरदारी की जा रही थी, उसे लोगों ने हवालात पहुंचाने में देर नहीं की। मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर सरहरी चौकी पर युवक के घर वाले भी पहुंच गए। देर शाम तक दोनों पक्ष में सुलह का प्रयास हो रहा था। कोई तहरीर नहीं दी गई थी।