-दरवाजा खोलने में देरी पर बिफरा नशेड़ी पिता

-गगहा एरिया के गौरपार में हुई घटना से सनसनी

GORAKHPUR: शराब के नशे में घर पहुंचे प्राइवेट फर्म के सुरक्षा गार्ड ने बेटे पर ताबड़तोड़ गोलियां दाग दी। बेटे को बचाने के चक्कर में सामने आई मां की गोली लगने से मौत हो गई। घटना शुक्रवार रात करीब 11 बजे हुई। मेडिकल कॉलेज भर्ती युवक से मिलकर एसएसपी ने मामले की जानकारी ली। आरोपी के छोटे बेटे की तहरीर पर पिता के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज करके पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

दीपावली पर घर आया था राणा

गगहा गौरपार का राणा प्रताप सिंह पंजाब की प्राइवेट फर्म में सुरक्षा गार्ड है। वह दीपावली की छुट्टी में घर आया था। उसके तीन बेटों में बड़ा बेटा विक्रम सिंह दुबई में रहता है। दूसरे नंबर का साकेत सिंह एक प्राइवेट फर्म में जॉब करता है जबकि तीसरे नंबर का अमन सिंह आईटीआई का स्टूडेंट है। राणा प्रताप को शराब के नशे की लत है। रोज की तरह शुक्रवार की रात वह शराब पीकर घर पहुंचा। नशे की हालत में उसने दरवाजा नॉक किया। दरवाजा खुलने में विलंब होने पर अपशब्द कहने लगा।

मां-बेटे को लगी गोली, मां की मौत

घर आने के बाद उसने दरवाजा खटखटाना शुरू कर दिया। दरवाजा खोलने पर विलंब होने पर पत्नी और बच्चों को अपशब्द कहने लगा। उसकी आदत से परेशान बेटे साकेत ने आपत्ति जताई तो बाप-बेटे के बीच कहासुनी होने लगी। नाराज होकर पिता ने लाइसेंसी पिस्टल से बेटे पर गोली दाग दी। गरदन के पास गोली लगने से वह चिल्ला उठा। बेटे को बचाने के लिए उसकी मां कंचन सिंह सामने आ गई। गोली लगने से वह छटपटाकर गिर पड़ी। पत्नी और बेटे पर गोली दागकर राणा प्रताप फरार हो गया। घटना की सूचना पाकर पुलिस पहुंच गई।

कमांडो की बहन है कंचन

मां-बेटे को अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने कंचन को मृत घोषित कर दिया। साकेत को नर्सिग होम में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी होने पर परीक्षा देने लखनऊ जा रहा अमन सिंह घर लौट आया। उसकी तहरीर पर पिता के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और जानमाल की धमकी का मुकदमा दर्ज किया। कंचन के भाई कमांडो संतोष सिंह की तैनाती केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह की सुरक्षा टीम में है।

वर्जन

आरोपी ने बेटे पर गोली चलाई। तभी बीच बचाव में मां आगे आ गई। गोली लगने से महिला की मौत हो गई। इस मामले में मुकदमा दर्ज करके आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, एसएसपी