- परिवहन विभाग और निगम अगले साल भी देंगे प्रदेश वासियों को कई सौगातें

- दोनों ने एक साल की गिनाई उपलब्धियां, अगले साल का लक्ष्य भी किया निर्धारित

LUCKNOW:

परिवहन निगम और परिवहन विभाग ने सरकार के एक साल पूरे होने पर जहां अपनी उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया है वहीं अगले साल वर्ष 2018-19 का लक्ष्य भी निर्धारित कर लिया। परिवहन निगम अगले साल यात्रियों को कई नई सुविधाएं देने जा रहा है। अगले साल के लिए जो लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं, उन्हें समय से पूरा करने के लिए कमेटियां बना दी गई हैं।

उपलब्धियों का जिक्र

परिवहन निगम ने सरकार के संकल्प पत्र के आधार पर बीते वर्ष संकल्प बस सेवा की शुरूआत किए जाने से महिला सशक्तीकरण के लिए किए जा रहे कार्यो का ब्यौरा प्रस्तुत किया। पहली बार रक्षाबंधन के दिन प्रदेश की बसों में 11 लाख 16 हजार महिला यात्रियों को मुफ्त सफर की सुविधा मिली। बीजेपी के घोषणा पत्र में शामिल गांवों तक परिवहन निगम की बसों को सुविधा को उपलब्ध कराए जाने के मामले में परिवहन निगम 8655 गांवों तक बस चलाए जाने की उपलब्धि गिनाई।

कर्नाटक की तर्ज पर चेक होंगे कागज

परिवहन विभाग ने अपने यहां ऑनलाइन हो रहे कार्यो का ब्यौरा प्रस्तुत किया। आईटी सेल के आरटीओ संजय नाथ झा ने बताया कि राजधानी में ऑनलाइन परमिट शुल्क जमा किए जाने की व्यवस्था शुरू हो चुकी है। जल्द ही कर्नाटक की तर्ज पर ही गाडि़यों के पेपर ऑनलाइन चेक किए जाएंगे। एम परिवहन एप से गाडि़यों के कागजों की जांच होगी। एक मोबाइल से आरटीओ ऑफिस में होने वाले सभी कार्य पूरे किए जा सकेंगे।

अगले साल के लक्ष्य

-18 महानगरों के बस अड्डों को पीपीपी मॉडल पर विकसित किया जाएगा।

- 10 हजार गांवों को रोडवेज बसों से जोड़ा जाएगा।

- 12500 बसों में सीसीटीवी कैमरा और पैनिक बटन लगाए जाएंगे।

- साधारण बसों में ऑनलाइन सीट बुक कराने की सुविधा मिलेगी।

- 650 साधारण, 250 सीएनजी 100 एसी बसें रोडवेज के बस बेड़े में शामिल होंगी।

- कुंभ मेला 2019 इलाहाबाद में बस अड्डों का निर्माण जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा।

- विंध्याचल और मथुरा में बस अड्डे का जीर्णोद्वार किया जाएगा।

- सभी आरटीओ कार्यालय होंगे कैशलेस।

- आरटीओ कार्यालय में वाहन फोर साफ्टवेयर की सुविधा।

- अगले दो महीनों में सारथी फोर की सुविधा प्रदेश भर लागू होगी।

- कानपुर और बरेली में ऑटोमैटिक ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक बनेगा।

- एप एम परिवहन से गाडि़यों के कागजात चेक किए जाएंगे।