पति गया था क्रिकेट खेलने, घर पर नहीं था कोई

छह साल पूर्व हुई थी शादी, पुलिस कर रही जांच

फीरोजाबाद: थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव जाटऊ निवासी एक विवाहिता ने गृह क्लेश से तंग आकर फंदे पर झूल गई। मौत की सूचना पर पुलिस पहुंची और शव कब्जे में ले लिया है। मायके पक्ष के लोगों के आने का इंतजार हो रहा है।

जाटऊ निवासी नितिन पुत्र ऋषिपाल की छह वर्ष पूर्व बांदा निवासी पूजा से शादी हुई थी। इस अंतराल में पूजा नेच्दो बच्चों को भी जन्म दिया। पूजा अपने पति के साथ अलग रहती थी। रविवार को पति गांव में ही क्रिकेट खेलने चला गया। दोपहर करीब एक बजे पूजा ने अपने कमरे में पंखा पर फंदा बना लटक गई। मौत की खबर पर पति घर पहुंचा और पत्नी का शव पंखे पर झूलता देख सन्न रह गया। आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर थाना पुलिस पहुंची और शव को नीचे उतरवाया। पुलिस ने मायके पक्ष के लोगों को सूचना दे दी है, जिनके आने का इंतजार हो रहा है। आत्महत्या का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। एसओ प्रदीप यादव का कहना है विवाहिता ने आत्महत्या की है। मायके पक्ष के लोगों का इंतजार हो रहा है। तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।