RANCHI: रविवार की रात पुलिस ने जिसे बदमाश समझ कर पकड़ा, सुबह में वह विक्षिप्त निकला। घटना चुटिया थाना क्षेत्र के ओवरब्रिज के समीप एक बस्ती में घटी। विक्षिप्त के परिजन सोमवार को थाना पहुंचे और पीआर बांड पर उसे छुड़ाकर अपने साथ ले गए।

क्या है मामला

बताया गया कि युवक रविवार की देर रात बस्ती के एक घर का दरवाजा पीट रहा था। घर में युवती अकेली रह रही थी। उसने अंदर से ही शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर आसपास के लोग जुट गए और युवक को पकड़ लिया। फिर, चुटिया थाना पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस पहुंची और रात एक बजे के करीब उसे पकड़ कर थाने ले आई। यहां उसे पुलिस अभिरक्षा में रखा गया। सुबह जानकारी उसके परिजनों को मिली तो वे लोग थाना पहुंचे और युवक को छुड़ा कर ले गए।

फैमिली विवाद में घर पर बमबारी

रविवार की रात क्क् बजे के करीब पिठोरिया थाना क्षेत्र के मदनपुर निवासी किसान लतीफ अंसारी के घर पर अज्ञात अपराधियों ने बमबारी की। हालांकि इससे किसी को नुकसान नहीं हुआ। वहीं, रात में ही लतीफ अंसारी ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी चुनुवा उरांव ने मामले की जानकारी ली। घटनास्थल से बम की जली हुई सुतली आदि बरामद हुई। थानेदार का कहना है कि जिस जमीन पर मो लतीफ अंसारी अपने परिवार के साथ रहते हैं। उसी जमीन पर चार सालों से उनका फैमिली विवाद चल रहा है। आशंका है कि डराने के लिए उनके घर पर दो बार बमबारी की गई हो? मो लतीफ अंसारी के बयान पर अज्ञात के खिलाफ पिठोरिया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।