-दबाव में चार सालों में बदल दिए गए सात अध्यक्ष

-नियुक्तियों पर ग्रहण, सात साल में एक को भी नहीं मिला नियुक्ति पत्र

prakashmani.tripathi@inext.co.in

ALLAHABAD: माध्यमिक विद्यालयों में टीचर और प्रिंसिपल पदों पर रिक्रूटमेंट के लिए बने माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड को किसी की नजर लग गई है। पिछले चार सालों में बोर्ड किसी एक पद की नियुक्ति को फाइनल नहीं कर सका है। इसी टाइम पीरिएड में सात अध्यक्षों को हटाया गया है। बोर्ड के तीन सदस्यों के काम करने पर आलरेडी रोक लगी हुई है। इससे नियुक्ति प्रक्रिया फिर रुक जानी तय हो गई है।

राजनीति हो रही हावी

माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के अध्यक्ष पद पर तैनाती को लेकर राजनीति हावी है। राजनीतिक दखल के चलते कोई भी अध्यक्ष ज्यादा दिनों तक अपने पद पर टिक नहीं सका। सूबे में सपा की सरकार बनने के समय बोर्ड अध्यक्ष पद पर डॉ। आरपी वर्मा तैनात थे। उन्हें बदली परिस्थितियों में इस्तीफा देने पर मजबूर होना पड़ा। इसके बाद सरकार ने धनंजय गुप्ता को अध्यक्ष पद सौंपा। वे भी लंबी पारी नहीं खेल सके। सरकार ने धनंजय गुप्ता के बाद आगरा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ। देवकी नंदन शर्मा को चयन बोर्ड का अध्यक्ष बनाया। वह करीब नौ महीने इसपद पर रहे। कैंसर से उनकी मौत के बाद बोर्ड के मेंबर रहे डॉ। आशा राम यादव को प्रभारी अध्यक्ष बनाया गया। डॉ। यादव के कार्यकाल में कई विवादों ने जन्म लिया। इसके चलते सरकार ने काफी जद्दोजहद के बाद उन्हें पद से हटाते हुए उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग के सदस्य प्रो। परशुराम पाल को अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी। डॉ। पाल को बोर्ड मेंबर्स के ही विरोध का सामना करना पड़ गया। दबाव के चलते उन्होंने खुद पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद सरकार ने चयन बोर्ड की सबसे जूनियर मेंबर अनीता यादव की अध्यक्ष पद पर ताजपोशी की। इस नियुक्ति को अभ्यर्थियों ने कोर्ट में चुनौती दी। उन्हें इस पद के लिए अयोग्या बताया गया। कोर्ट ने अभ्यर्थी अपने आरोप को साबित करने में कामयाब हो गए तो कोर्ट उन्हें हटाने का निर्देश दिया। इसके बाद सरकार ने डॉ। सनिल कुमार को अध्यक्ष बनाया। योग्यता का सवाल एक बार फिर कोर्ट तक पहुंचा और सोमवार को कोर्ट ने उनकी नियुक्ति को अवैध करार दिया।

बाक्स

बोर्ड में उठापटक का असर

-टीजीटी-पीजीटी के शिक्षकों के पदों पर चयनति सात सौ शिक्षकों को सात वर्ष बाद भी तैनाती नहीं मिली

-इस वर्ष जनवरी-फरवरी में आयोजित टीजीटी पीजीटी परीक्षा 2013 के रिजल्ट जारी होने के बाद से पूरी प्रक्रिया अधर में

-प्रिंसिपल पदों पर साक्षात्कार की प्रक्रिया भी ठंडे बस्ते में चली गई है।

बोर्ड अध्यक्ष कार्यकाल

डॉ। आरपी वर्मा 15-7-11 से 24-8-12 तक

धनंजय गुप्ता 24-8-12 से 4-2-13 तक

डॉ। देवकी नंदन शर्मा 5-2-13 से 6-12-13

डॉ। आशाराम यादव 20-12-13 से 19-8-14

डॉ। परशुराम पाल 20-8-14 से 24-4-15

अनीता यादव 27-4-15 से 19-7-15

डॉ। सनिल कुमार 20-7-15 से अभी तक