क्त्रड्डठ्ठष्द्धद्ब : नॉर्थ-ईस्ट में हो रही बर्फबारी की वजह से बह रही सर्द हवाएं अब हड्डियों को छेदने लगी है। तापमान गिरने से ठंड चरम पर है। गुरुवार को जाड़े के इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा। जहां न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, इस दौरान हवा की गति 4.4 किमी हर घंटे रही, जो बुधवार की तुलना में कम थी।

गिर सकता है और तापमान

बीएयू के मौसम विज्ञानी डॉ ए वदूद ने बताया कि जम्मू कश्मीर में अगर बर्फबारी जारी रही तो यहां का तापमान और गिर सकता है। इन दिनों रांची का मौसम बहुत कुछ नॉर्थ-ईस्ट में हो रहे बर्फबारी से प्रभावित हो रहा है। अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। तापमान में गिरावट से ही ठंड ज्यादा बढ़ गई है।

गर्म कपड़ों का बाजार गुलजार

जैसे-जैसे ठंड बढ़ रही है, गर्म कपड़ों का बाजार गरम हो रहा है। शोरूम, बड़े-बड़े शॉप्स और पोतला मार्केट से लेकर फुटपाथ पर गर्म कपड़े के खरीदारों की संख्या बढ़ गई है। अपर बाजार, अल्बर्ट एक्का चौक, सर्जना चौक, डेली मार्केट और शास्त्री मार्केट में गर्म कपड़े लेने के लिए लोगों की भीड़ लगी है।

चौक-चौराहे पर अलाव की व्यवस्था

जिला प्रशासन ने कड़ाके की ठंड को देखते हुए महत्वपूर्ण चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था की है। अल्बर्ट एक्का चौक, स्टेशन रोड, बूटी मोड़, बिरसा चौक और कांटाटोली चौक के पास शाम ढ़लते ही अलाव जला दिए जाते हैं। ऐसे में फुटपाथ पर रहनेवालों को ठंड से थोड़ी राहत मिल रही है।

शाम ढ़लते सड़कों पर सन्नाटा

यह ठंड का ही आलम है कि शाम ढ़लते ही सड़कों व दुकानों पर सन्नाटा पसरने लगा है। लोग घरों में दुबक जा रहे हैं। जिन्हें जरूरी है, वे ही बाहर निकल रहे हैं। ठिठुरन के साथ कोहरे का भी असर मौसम पर दिख रहा है। शाम और सुबह में कोहरे से जनजीवन पर व्यापक असर पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, जैसे-जैसे ठंड बढ़ेगी, कोहरा और घना होता जाएगा।