- निगम की तीन टीमों ने जली कोठी, बागपत रोड और डिफेंस एन्क्लेव में चलाया अभियान

- अगले आदेश तक जारी रहेगा अभियान

मेरठ। नगर निगम व प्रशासन के नेतृत्व में पुलिस और निगम अधिकारियों ने तीसरे दिन भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। शनिवार को निगम व प्रशासन की टीम ने पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर व सपा युवजन के प्रदेश सचिव के कार्यालय का चबूतरा तोड़ दिया। वहीं कांग्रेस के नेता यूसुफ कुरैशी के बाहर लगा वॉटर कूलर को भी हटा दिया। उधर निगम की दूसरी टीम ने डिफेंस एंक्लेव कंकरखेड़ा में अभियान चलाया गया। दुकानों और मकानों के सामने बने चबूतरों को तोड़ डाला।

महिलाओं ने किया विरोध

कंकरखेड़ा डिफेंस एंक्लेव में जब नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाना शुरू किया तो महिलाएं विरोध करने लगी। लेकिन पुलिस द्वारा समझाने पर महिलाएं शांत हो गई।

तीन ट्रॉली सामान जब्त

अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत निगम की टीम ने डिफेंस एंक्लेव से तीन ट्रॉली सामान जप्त कर लिया। वहीं बागपत रोड पर भी निगम की टीम ने अवैध होर्डिग को हटाकर रिक्शे में भर लिया।

चुपचाप रहे सपाई

जली कोठी पर जब सपा के प्रदेश सचिव व पूर्व मंत्री के घर के बाहर का अतिक्रमण हटाया तो सपाई एकत्र हो गए। लेकिन पुलिस बल व प्रशासनिक टीम देखकर वह विरोध नहीं जता सके। वहीं कांग्रेस नेता यूसुफ कुरैशी के घर के बाहर का भी यही हाल रहा।

शासन के निर्देशानुसार शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी को भी अतिक्रमण करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

डीकेएस कुशवाहा नगर आयुक्त