- दो पक्षों की मारपीट होती देख विधायक ने रोकी थी गाड़ी

गाड़ी पर लाठी-डंडों से हमला, शीशा टूटा, दो गिरफ्तार

- अफसरों में मचा हड़कंप, कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची

- विधायक व पीडि़तों की ओर से दो मुकदमे कायम

मेरठ : छुर गांव में शनिवार को दो पक्षों की मारपीट में सिवालखास के विधायक जितेंद्र सिंह सतवाई की गाड़ी पर हमला कर दिया गया। हमले में विधायक बाल-बाल बच गए, जबकि गाड़ी का शीशा टूट गया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

यह है मामला

छुर निवासी देवेंद्र पुत्र बलजोर की गांव में किराना की दुकान है। शनिवार दोपहर गांव के ही दीपक पुत्र अनंगपाल, राजवीर पुत्र उमराव और बबलू पुत्र रणधीर अपने साथियों के साथ दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने शराब पी रखी थी। इन्होंने देवेंद्र से कुछ सामान उधार मांगा। मना करने पर उन्होंने दुकान में तोड़फोड़ कर दी। घटना की जानकारी पर देवेंद्र का भाई बिरजू वहां पहुंचा तो आरोपियों ने दोनों भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें देवेंद्र और बिरजू गंभीर रूप से घायल हो गए।

किया हमला

इस दौरान धनवाली-छुर मार्ग का उद्घाटन कर सिवालखास विधायक जितेंद्र सिंह सतवाई छुर गांव पहुंचे थे। झगड़ा होते देख उनके चालक ने गाड़ी रोकी तो एक पक्ष ने विधायक की गाड़ी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गाड़ी का शीशा टूट गया। हमले में विधायक भी बाल-बाल बच गए। विधायक के सुरक्षाकर्मी हमलावरों को पकड़ने को दौड़े तो वे भाग निकले। घटना की जानकारी पर गांव में विधायक समर्थक एकत्र हो गए। लोगों ने हंगामा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर दी। देवेंद्र और बिरजू को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते देवेंद्र को मेरठ रेफर कर दिया गया।

पुलिस-प्रशासन में मचा हड़कंप

विधायक ने अपनी गाड़ी पर हुए हमले की जानकारी तत्काल एसएसपी जे। रविंद्र गौड को फोन पर दी, जिससे हड़कंप मच गया। सरधना और सरूरपुर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपियों की तलाश में दबिश दी। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। सीओ सीपी सिंह भी गांव पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर समर्थकों को शांत किया।

दो मुकदमे कायम

इस मामले में दो मुकदमे दर्ज हुए। एक मुकदमा विधायक जितेंद्र सिंह सतवाई ने दीपक, राजवीर, बबलू व 5-6 अज्ञात लोगों के खिलाफ अपनी गाड़ी पर हमले का लिखाया है, जबकि दूसरी रिपोर्ट बिरजू ने इन्हीं तीनों व 5-6 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। नामजद आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

- जे। रविंदर गौड, एसएसपी।