- हरबंस कपूर के सर्मथकों ने प्रदेश अध्यक्ष का किया घेराव

- कपूर को डिप्टी सीएम या काबीना मंत्री बनाए जाने की मांग

DEHRADUN: प्रदेश में प्रचंड बहुमत से बीजेपी की सरकार बनने के ब् दिनों के भीतर ही पार्टी के अंदर विरोध शुरू हो गया है। लगातार 8वीं बार विधायक चुनकर आए हरबंश कपूर को विधानसभा अध्यक्ष नहीं बनाए जाने से नाराज समर्थकों ने यमुना कॉलोनी स्थित आवास पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट का घेराव किया। समर्थकों ने हरबंस कपूर को डिप्टी सीएम या काबीना मंत्री बनाने की मांग की। जिसके बाद सीएम त्रिवेंद्र रावत ने हरबंस कपूर से फोन पर बात कर उनको पूरा सम्मान देने का आश्वासन दिया है।

आवास पर जमकर हुआ प्रदर्शन

गौरतलब है कि हरबंस कपूर को प्रोटेम स्पीकर बनाए जाने के बाद से ही उनका विधानसभा अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा था। लेकिन, बुधवार सुबह जैसे ही ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल के विधानसभा अध्यक्ष पद के नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई तो हरबंश कपूर के इंदिरा नगर स्थित आवास पर समर्थकों ने नारेबाजी कर हरबंस कपूर को सम्मान न मिलने की बात कही। कार्यकर्ताओं ने कहा कि न ही मंत्री बनाया गया न ही स्पीकर। जो कि उनका अपमान है। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष के आवास पर पहुंचे समर्थकों ने कहा कि चुनावी सभा में आए वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा था कि हरबंश कपूर का पद और ऊंचा किया जाएगा। उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री बनाया जाएगा, लेकिन सरकार में कोई भी पद नहीं दिया गया। घेराव के दौरान भाजपा से सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी भी दी गई। देर शाम तक समर्थक हरबंश कपूर के आवास पर जुटे रहे। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष उदय सिंह पुंडीर, महामंत्री पीएल सेठ, पार्षद ओमेंद्र भाटी, पार्षद मीरा कठैत, अनीता मल्होत्रा, अंजू बिष्ट, कमल राज, विनोद पंवार, विक्की खन्ना, सुमित पांडे आदि मौजूद रहे।

भट्ट, पंत और धन सिंह ने मनाया

जैसे ही पार्टी नेतृत्व को हरबंस कपूर की नाराजगी की खबर मिली। प्रदेश अध्यक्ष के साथ काबीना मंत्री प्रकाश पंत और राज्य मंत्री धन सिंह रावत हरबंश कपूर के आवास पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं का जमावड़ा था। उन्होंने भरोसा दिया कि हाईकमान के समक्ष समर्थकों की भावना को रखा जाएगा। इसके साथ ही बताया गया कि सीएम त्रिवेंद्र रावत ने भी हरबंस कपूर से फोन पर बात कर उन्हें उचित सम्मान देने की बात कही है।

पार्टी ने मुझे अब तक जो जिम्मेदारी दी है, वो मैंने पूरी ईमानदारी के साथ निभाई है। कार्यकर्ताओं में अब तक मुझे इस बार जिम्मेदारी न मिलने से नाराजगी है। पार्टी को इस बारे में सोचना चाहिए।

-हरबंस कपूर, विधायक, देहरादून कैंट

'हरबंस कपूर पार्टी के वरिष्ठ विधायक हैं और उनके सम्मान की रक्षा की जाएगी लेकिन इस तरह प्रदर्शन उचित नहीं। भाजपा में हर फैसला पार्टी नेतृत्व ही करता है। वरिष्ठ विधायक की भावनाओं को केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा। हरबंस कपूर पार्टी की रीति-नीति व मजबूरियों से भी भलीभांति वाकिफ हैं। उनकी नाराजगी का सवाल नहीं.'

-अजय भट्ट, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष।