कांग्रेस अध्यक्ष ने शनिवार को नेताओं से की मुलाकात

कार्यक्रम का केंद्र बिंदु होगा आनंद भवन, पूरे साल होगा आयोजन

ALLAHABAD: आयरन लेडी देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती शक्ति दिवस के रूप में कांग्रेस मनाएगी। एक साल तक चलने वाले इस आयोजन का केंद्र आनंद भवन होगा। यह इच्छा पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शनिवार को कांग्रेस पदाधिकारियों से मुलाकात के दौरान जाहिर की। 19 नवंबर को होने वाली इंदिरा की 99वीं जयंती को शताब्दी वर्ष का नाम दिया जाएगा।

शनिवार सुबह मिल सके पार्टी के नेता

शुक्रवार की शाम अचानक इलाहाबाद पहुंची कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पार्टी के किसी सदस्य से मिलेंगी भी या नहीं? इस पर असमंजस था। शनिवार को सुबह साढ़े नौ बजे शहरी उत्तरी विधायक अनुग्रह नारायण और जिलाध्यक्ष अनिल द्विवेदी के नेतृत्व में दर्जनभर पदाधिकारियों को सोनिया गांधी से मिलने का मौका मिला, तो उनके चेहरे खिल गए। मुलाकात में उन्होंने इंदिरा गांधी की जयंती को लेकर कार्यक्रम की जिज्ञासा जाहिर किया। पार्टी अध्यक्ष का कहना था कि स्व। इंदिरा गांधी का इलाहाबाद से गहरा नाता था और इस बार उनकी 99वीं जयंती मनाई जाएगी।

इसलिए होगा शक्ति दिवस नामकरण

इंदिरा गांधी को आयरन लेडी के नाम से जाना जाता है इसलिए जयंती को शक्ति दिवस का नाम दिया जा रहा है। सोनिया गांधी ने कहा कि वैसे तो यह आयोजन पूरे देश में मनाया जाएगा लेकिन इलाहाबाद इसका केंद्र होगा। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से कार्यक्रम की रूपरेखा बनाने को कहा। विधायक अनुग्रह नारायण सिंह, प्रदेश प्रवक्ता बाबा अभय अवस्थी आदि ने उन्हें सुझाव दिया कि इलाहाबाद को केंद्र में रखकर प्रदेश की राजनीति की जाए तो इसके सार्थक परिणाम मिल सकते हैं। विधायक का कहना था कि गांव-गांव जाकर पार्टी कार्यकर्ताओं को पार्टी के कार्यो के बारे में बताना होगा। प्रदेश महासचिव मुकुंद तिवारी और रमेश पांडेय ने पार्टी अध्यक्ष से परिवार के किसी सदस्य को इलाहाबाद से चुनाव लड़ाने की मांग की। जिलाध्यक्ष अनिल द्विवेदी ने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कम से कम छह महीने पहले किए जाने की मांग की। संत प्रसाद पांडेय, यशवीर यादव, निशांत त्रिपाठी, बाबुल त्रिपाठी, संजय तिवारी, आनंद मिश्रा आदि ने सोनिया गांधी से मिलकर शहर में राजीव गांधी की मूर्ति लगवाने की मांग की। पूर्व विधायक विजय प्रकाश भी मौजूद रहे।