RANCHI: रांची शहर में साफ-सफाई की मॉनिटरिंग अब स्वच्छता एप से होगी। इसके तहत कचरे का उठाव नहीं होने पर न कहीं कंप्लेन करने की जरूरत होगी और न पार्षद व सुपरवाइजर को ढूंढने का झंझट होगा। गंदगी की फोटो खींच कर आपके डालने के बाद ही इलाके की साफ-सफाई का आदेश सिटी मैनेजर को मिल जाएगा। इस संबंध में रांची नगर निगम ने जल्द ही स्वच्छता एप लांच करने की तैयारी कर ली है। इसे केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय ने तैयार किया है। इससे रांची के सभी 55 वार्डो को साफ और स्वच्छ बनाने में मदद मिलेगी। इसकी मानिटरिंग रांची नगर निगम के अधिकारी और क्लिनिंग एजेंसी के अधिकारी करेंगे। लेकिन इन सबके बीच सवाल यह है कि आखिर सभी वार्डो में जब मेकेनाइज्ड क्लिनिंग शुरू नहीं हो पाई है, तो फिर स्वच्छता एप की क्या गारंटी?

सुपरवाइजर को फॉरवर्ड होगी कंप्लेन

डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय ने बताया कि इस एप की मदद से कोई भी अपने इलाके में गंदगी और कचरा आदि की कंप्लेन दर्ज करा सकेगा। वहीं एरिया की डिटेल भी पब्लिक को डालनी होगी। इसके बाद एप में आपका कंप्लेन रजिस्टर्ड हो जाएगा। सिटी मैनेजर उस कंप्लेन को सुपरवाइजर को फारवर्ड करेंगे। जहां समाधान होने के बाद ही कंप्लेन बंद किया जा सकेगा। इससे सिटी की सफाई के काम में तेजी आएगी।

नगर निगम अधिकारी रखेंगे नजर

एप की मदद से सिटी में सफाई व्यवस्था की मानिटरिंग की जाएगी। इससे रांची नगर निगम के अधिकारी जुड़े होंगे। साथ ही क्लिनिंग एजेंसी के अधिकारी भी इस पर नजर रख सकेंगे। ऐसे में जब एप से कंप्लेन करने के बाद समस्या का समाधान नहीं किया जाता है, तो इसकी अपडेट सीनियर अधिकारी के पास चली जाएगी।