i good news

- मॉर्निग वाकर्स की बढ़ रही है संख्या, कई किमी। दूर से टहलने के लिए लोग पहुंचते हैं पार्को में

- डॉक्टर्स का है कहना, जिम में कई घंटे पसीना बहाने से ज्यादा बेहतर होता है सुबह की ताजी हवा में आधे घंटे टहलना

GORAKHPUR: शहर की जिंदगी जितनी तेजी से भागती है, इस तरह की जीवनशैली में रोग भी आपका उतनी ही तेजी से पीछा करते हैं। अनियमित जीवन शैली, नींद के लिए कम समय, बाहर का खाना, देर रात तक जगना और घंटों तक मोबाइल तकना तमाम कारण हैं जो आपको धीरे-धीरे बीमार कर रहे होते हैं लेकिन पता नहीं चलता। डॉक्टर के पास जाने पर कुछ दवा के साथ टाइम पर सो जाने, सुबह जगने और टहलने की सलाह मिलती है। अब सबको पता है कि सुबह की ताजी हवा में टहलना कितना फायदेमंद है, सो क्या स्टूडेंट्स, क्या प्लेयर्स, डॉक्टर्स, टीचर्स, यंगस्टर्स, ओल्ड मेन, ग‌र्ल्स, वुमन सुबह उठते ही चल पड़ते हैं हेल्थ की राह पर। दिनभर इधर-उधर भागने से पहले कुछ देर अपने लिए पार्को में दौड़कर लोग कितना सुकून पा रहे हैं, यह हमने उन्हीं से जाना। दैनिक जागरण- आई नेक्स्ट रिपोर्टर ने मॉर्निग वार्कर्स से व्ही पार्क में उनसे बात की। आप भी जानिए, उन्होंने क्या कहा।

---------

कॉलिंग

दस साल से अपने दोस्तों के साथ व्ही पार्क में वाकिंग व एक्सरसाइज के लिए आ रहा हूं। सुबह उठ जाने से काफी वक्त मिल जाता है और थोड़ी एक्सरसाइज स दिनभर तरोताजा महसूस करता हूं।

- सुधीर टेबड़ीवाल

मैं तो दो साल से ही वाकिंग और व्यायाम कर रही हूं लेकिन इतने ही दिनों में खुद को काफी फिट महसूस कर रही हूं। दिनभर काम करने के बाद भी टेंशनफ्री रहती हूं। डॉक्टर्स के कहने पर वाक शुरू किया लेकिन अब तो कोई मना करे तो भी न मानूं।

- सुमन जायसवाल

सुबह में ताजी हवा मिलती है। डॉक्टर का कहना है कि मॉर्निग वाक से गठियां, ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियां नहीं होतीं। मैं दो साल से व्ही पार्क में आ रही हूं। जबसे वाकिंग कर रही हूं तबसे खुद को काफी फिट महसूस कर रही हूं।

- रेखा जायसवाल

पहले सुबह उठना और वाक करना मेरे लिए बहुत कठिन था। मैं इससे दूर भागता था। दो साल पहले चलने में दिक्कत होने लगी। थोड़ी ही दूर में हांफ जाता था तब डॉक्टर ने मॉनिंग वाक की सलाह दी। दो साल से वाक कर रहा हूं। अब बिल्कुल फिट हूं।

- मोहित थापा

---------

बस सुबह उठ जाइए फिर तो फायदे ही फायदे हैं

- सुबह की ताजी हवा से फेफड़े को अच्छी ऑक्सीजन मिल जाती है।

- आधे घंटे की वाकिंग से दिनभर तरोताजगी महसूस होती है।

- ब्लड प्रेशर नार्मल रहता है। हाई ब्लड प्रेशर कंट्रोल रहता है।

- बढ़ा हुआ कोलेस्ट्राल नियंत्रित रहता है।

- हार्ट अटैक का खतरा कम हो जाता है।

- सांस लेने में परेशानी हो रही हो तो यह दूर हो जाती है।

- यूरिक एसिड, मोटापा भी कम होता है।

- हड्डियां मजबूत होती हैं। जोड़ों और मांसपेशियों को नई ऊर्जा मिलती है।

- रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।

- वाकिंग व एक्सरइज से पाचन क्रिया संतुलित और नियंत्रित होती है।

- मोटापे से छुटकारा पाने के लिए वाकिंग सबसे कारगर है। इससे एक्स्ट्रा कैलोरी जलती है और शरीर फिट हो जाता है।

- टेंशन और डिप्रेशन के साथ ही मानसिक समस्याएं खत्म हो जाती हैं।

- शरीर में ऊर्जा और स्टेमिना के स्तर को बढ़ाने के लिए भी शारीरिक व्यायाम करना चाहिए।

- त्वचा को खूबसूरत और जवान बनाए रखने में सबसे कारगर उपाय व्यायाम ही है।

- इससे रक्तसंचार तेज होता है। त्वचा पर तेज और चमक बढ़ जाती है।

- इससे अस्थमा का खतरा कम हो जाता है।

- शारीरिक व्यायाम नाडि़यों के दर्द को कम करता है।

- पीठ दर्द, हाथ पैरों में दर्द व खिंचाव जैसी शारीरिक पीड़ा से निजात मिलती है।

- डायबिटीज का खतरा कम हो जाता है।

- नियमित व्यायाम कैंसर जैसी घातक बीमारी से भी रक्षा करता है।

- एक्सरसाइज से पुरुषों में शुक्राणुओं की क्वालिटी बेहतर होती है और प्रजनन क्षमता में भी बढ़ोत्तरी होती है।

---------

वर्जन

वातावरण दिन प्रतिदिन प्रदूषित होता जा रहा है। ऑक्सीजन मिलनी मुश्किल होती जा रही है। ऐसे में सुबह स्वच्छ वातावरण में सुबह का टहलना शरीर के लिए काफी फायदेमंद है। इससे व्यवस्था स्वस्थ रहता है, जवान दिखता है और उसकी उम्र बढ़ जाती है।

- संतोष कुमार, योग चिकित्सक, आयुष विंग