नगर निगम के ठीक सामने मेयर हाउस की शह पर एनक्रोचमेंट की कोशिश

BAREILLY:

शहर में नगर निगम की संपत्तियों पर खुलेआम अवैध कब्जे की एक बानगी संडे को फिर दिखी। इस बार मामला

नगर निगम के ठीक सामने नगर निगम की ही एलेन मार्केट पर अवैध कब्जे का है। निगम की बनाई इस मार्केट की दुकान संख्या 20 और 31 में संडे को अवैध तरीके से निर्माण कराया जा रहा था। सूचना पाकर छुट्टी के दिन भी पहुंचे निगम दस्ते को अवैध निर्माण करा रहे कब्जेदारों ने भगा दिया। कब्जेदारों ने मेयर हाउस से दुकान के आगे निर्माण कराने की परमिशन मिलने की बात कही। मेयर हाउस की धौंस जमाकर ही कब्जेदारों ने निगम दस्ते को अर्दब में ले लिया और निर्माण कार्य जारी रखा। हालांकि संडे देर शाम अवैध कब्जा हटाकर सामान जब्त कर लिया गया।

नगर आयुक्त ने दिखाए तेवर

संडे दोपहर नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त विकास सेन को कब्जे की सूचना मिली थी। जिसमें एलेन

मार्केट की दुकान 20 व 31 के आगे छज्जा डालने व लोहे का चैनल लगाने की जानकारी दी गई। जबकि निगम के नियम के मुताबिक दुकान आवंटन के बाद नया निर्माण नहीं कराया जा सकता। सहायक नगर आयुक्त के निर्देश पर राम सिंह जाटव दस्ते के साथ अवैध निर्माण रुकवाने पहुंचे तो कब्जेदारों ने घेराव कर उन्हें भगा दिया। मामला गंभीर होने पर सहायक नगर आयुक्त ने नगर आयुक्त शीलधर सिंह यादव को जानकारी दी। नगर आयुक्त ने मेयर हाउस की शह मिलने पर अवैध कब्जे की जानकारी पर नाराजगी जताई और अवैध निर्माण तोड़ने व सामान जब्त करने के आदेश दिए थे।