- महिला के साथ दुष्कर्म की भी जताई जा रही है आशंका

ROORKEE: एक महिला की हत्या कर शव गंगनहर में फेंक दिया गया। महिला का शव मुंडेट गांव के पास गंगनहर से बरामद किया है। महिला के साथ दुष्कर्म की भी आशंका जताई जा रही है। शव दो से तीन दिन पुराना बताया गया है। अभी तक महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने शव पीएम को भेजा

संडे दोपहर को मंगलौर पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला का शव मुंडेट गांव के पास गंगनहर में अटका हुआ है। शव देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर सीओ रुड़की स्वप्न किशोर सिंह, इंस्पेक्टर गिरीश चंद शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को गंगनहर से बाहर निकाला। महिला का शव अ‌र्द्धनग्न था। महिला की उम्र करीब 23 साल बताई गई है। महिला के शरीर पर कुछ निशान मिले। जिससे उसकी हत्या कर शव गंगनहर में फेंके जाने व दुष्कर्म की भी आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों को बुलाकर शव की शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। सीओ स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि महिला की शिनाख्त के प्रयास किये जा रहे हैं। शिनाख्त के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारण सामने आ सकेंगे।