-ग्वालटोली पीडब्ल्यू कॉलोनी में दरगाह के बाहर हुआ था गोगा का मर्डर

-घंटाघर चौराहे के पास पकड़े गए हत्यारोपी सगे भाई, साथियों की तलाश में जुटी पुलिस

KANPUR : ग्वालटोली पीडब्ल्यू कॉलोनी में दरगाह के बाहर ठेकेदार मो। निजाम उर्फ गोगा की हत्या मां-बाप के कत्ल का बदला लेने के लिए दो सगे भाइयों ने की थी। यह खुलासा बुधवार को एसएसपी शलभ माथुर ने दोनों हत्यारोपी भाइयों को गिरफ्तार कर किया। उनके कब्जे से पुलिस को दो तमंचे और कारतूस बरामद हुए है। हत्या में शामिल उनके साथी अभी फरार हैं। जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

29 साल बाद लिया बदला

बाबूपुरवा में रहने वाला मो। निजाम (45) उर्फ गोगा ठेकेदार था। वो मलवा ढुलाई का ठेका लेते था। उसके परिवार में पत्नी रेशमा, बेटी रुखसार और बेटा मंसूर है। गोगा की प्रापर्टी डीलर सिराज और फरीद से रंजिश चलती थी। वो 29 साल पहले सिराज और फरीद के पिता रसीद के कत्ल में फंस गया था। उसको पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भी भेजा था, लेकिन वो साक्ष्य के अभाव में कोर्ट से बरी हो गया। इसी बीच सिराज की मां का कत्ल हो गया। जिसमें भी गोगा का नाम सामने आया था, लेकिन उसको जेल में बन्द होने से क्लीन चिट मिल गई। इसके बाद भी सिराज और फरीद उसे माता-पिता का हत्यारा मानते थे। जिसका बदला लेने के लिए दोनों ने शकील और नावेद के साथ मिलकर गोगा की हत्या कर दी। जिसके बाद से वे फरार चल रहे थे।

शहर छोड़ने की फिराक में थे

दोनों हत्यारोपी बुधवार को शहर से भागने की फिराक में थे। वे घंटाघर में रेलवे काउंटर से टिकट खरीद रहे थे कि पुलिस को मुखबिर से दोनों की लोकेशन मिल गई। आनन फानन में पुलिस ने घेराबन्दी कर दोनों को पकड़ लिया। उन्होंने पूछताछ में बदला लेने के लिए ठेकेदार की हत्या का जुर्म कबूल लिया।

दोनों का मजाक उड़ाता था गोगा

ठेकेदार गोगा भले ही रसीद की हत्या में कोर्ट से बरी हो गया था, लेकिन वो सिराज और फरीद के सामने खुद को रसीद का हत्यारा बताते हुए उनका मजाक उड़ाता था। यह खुलासा सिराज और फरीद ने पुलिस पूछताछ में किया। दोनों ने बताया कि गोगा ही उनको बदला लेने के लिए उकसाता था। वे तो अपना धंधा कर रहे थे, लेकिन जब उनका गोगा से सामना होता था तो गोगा उनका मजाक उड़ाने लगता था। इसीलिए दोनों ने उसका कत्ल किया है। दोनों वारदात के एक सप्ताह पहले जुमेरात को दरगाह में माथा टेकने गए थे। जहां पर उनका गोगा से सामना हुआ था। दरगाह में गोगा को देखते ही दोनों ने उसकी हत्या का प्लान बना लिया था।