-प्रधान पक्ष को नहीं अरेस्ट कर सकी पुलिस

-पुलिस के बूटों से टूट रही गांव की खामोशी

GORAKHPUR: बांसगांव एरिया के धौंसा, गजारी टोले में डबल मर्डर की दहशत पूरे इलाके में बरकार रही। पुलिस के बूटों की आवाज सन्नाटे को चीर रही है। कार्रवाई के डर से पुरुषों ने गांव छोड़ दिया है। खौफजदा महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी घरों से नहीं निकल रहे। प्रधान के भाई की हत्या के आरोप में पुलिस ने प्रेम सागर के बेटे को शनिवार को अरेस्ट कर लिया था। लेकिन प्रधान, उसके पक्ष के लोगों पर पुलिस कार्रवाई नहीं कर सकी।

भूमि विवाद में हुई दो हत्याएं

शनिवार को धौंसा, गजारी टोले पर भूमि विवाद को लेकर फायरिंग हुई थी। इस दौरान एक पक्ष की ओर से पहुंचे प्रधान के छोटे भाई बीडीसी सदस्य सिंटू, दूसरे पक्ष के प्रेम सागर की गोली लगने से मौत हो गई। प्रधान की मां ने बेटे के मर्डर का आरोप प्रेम सागर के बेटे सोनू पर लगाया। मुकदमा दर्ज करके पुलिस ने सोनू को बंदूक सहित गिरफ्तार कर लिया। सोनू ने पुलिस को बताया कि उसके पिता को प्रधान ने गोली मारी। प्रधान और उनके पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर के पुलिस जांच में जुट गई। रविवार शाम तक प्रधान पक्ष के किसी अभियुक्त को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी।

दो पक्षों के बीच चल रहे भूमि विवाद में प्रधान ने दबंगई की कोशिश की। पुलिस के पहुंचे बिना जबरन विवादित भूमि की पैमाइश कराने की कोशिश की। प्रधान के भाई सिंटू ने धमक दिखाने के चक्कर में पिलर में लगा तार उजाड़ दिया। इससे बात आगे बढ़ गई। कहासुनी होने पर चली गोली में सिंटू भी मारा गया। दूसरे पक्ष के प्रेम सागर की जान चली गई। एक माह पूर्व सिंटू जेल से छूटकर आया था। एक साल पहले सिंटू ने तीयर गांव में अंधाधुंध फायरिंग की थी। गोली लगने से गांव के एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी। 11 साल पहले प्रधान दुर्गा यादव ने भी अपने गांव के प्रधान पर जानलेवा हमला करके दहशत फैलाई थी।