- थाना शाहगंज के अर्जुन नगर की घटना

- दुर्गध आने पर पुलिस को दी सूचना

आगरा। थाना शाहगंज एरिया अर्जुन नगर में एक मकान में मां बेटी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने दरवाजा तोड़ कर दोनों के शव को बरामद किया। मां के शव का कंकाल मिला जबकि बेटी का शव सड़ रहा था। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

लंबे समय से रह रही थी मां-बेटी

वेस्ट अर्जुन नगर निवासी वीरेंद्र चाहर का वहीं पर चाहर मार्केट है। वीरेंद्र सेना में हैं और वर्तमान में भोपाल में तैनात हैं। मार्केट में बाहर बनी दुकानों के बराबर से एक पतली गली गई है। वहां पर 50 गज में दो कमरों का मकान बना हुआ है। मकान जर्जर अवस्था में हैं। यहां पर मां बेटी करीब 15-20 सालों से रह रही थीं। मां का नाम कंचन अग्रवाल व बेटी का नाम बीना अग्रवाल बताया गया है।

कई दिनों से आ रही थी दुर्गध

एरिया में कई दिनों से हवा चलने पर दुर्गध लगने लगी थी। लोग समझ नहीं पा रहे थे कि बदबू कहां से आ रही है। शनिवार को तेज हवा चलने पर तेज दुर्गध आई। लोगों को शक हुआ कि मां-बेटी के मकान से ही यह दुर्गध आ रही है। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके आई तो दरवाजा अंदर से बंद था पुलिस ने दरवाजा तोड़ कर अंदर प्रवेश किया।

अंदर जाते ही लोगों के उड़े होश

दरवाजा तोड़ते ही जैसे ही पुलिस ओर लोग अंदर पहुंचे वैसे ही उनके होश उड़ गए। अंदर एक कंकाल पड़ा था। पुलिस दूसरे कमरे में पहुंची तो एक युवती का शव सड़ रहा था। उसमें से दुर्गध आ रही थी। दुर्गध इतनी तेज थी कि कोई भी कमरे में नहीं रुक सका। सभी बाहर निकल आए। पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।

छह महीने पहले मौत की आशंका

मां का शव बेटी के शव से पुराना लग रहा था। उसका कंकाल बन चुका था जबकि बेटी का शव सड़ रहा था। दोनों की मौत पर रहस्य था कि उनकी मौत कैसे हुई। लोगों ने बताया कि 6 महीने से कंचन को किसी ने घर से बाहर नहीं देखा था जबकि बीना को दो महीने से नहीं देखा। माना जा रहा है कि बीना की मौत 6 महीने पहले ही हो गई। बीना उसके शव के साथ ही रही।

एसएन से रिटायर्ड थी नर्स

लोगों ने बताया कि कंचन एसएन हॉस्पिटल में नर्स के पद से रिटायर्ड थी। दोनों मां-बेटी किसी से कोई मतलब नहीं रखती थीं। इनका कोई रिश्तेदार भी यहां नहीं आता था। दोनों में कोई किसी से कोई बात नहीं करती थीं। शनिवार को तेज हवा चली तो स्मेल तेज हो गई जिसके चलते लोगों को शक हुआ।

पोस्टमार्टम से खुलेगा राज

मां-बेटी की मौत पर परदा पड़ा हुआ है। बेटी के शरीर पर पुलिस को चोट के निशान नहीं मिले हैं। मां का मात्र कंकाल मिला है। दोनों की मौत की गुत्थी उलझ गई है। पुलिस को आशंका है कि दोनों को मानसिक रूप से बीमार हो सकती हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

बिजली पानी की सप्लाई थी बंद

मकान बहुत ही जर्जर हालत में था। मकान को देख कर लग रहा था कि यहां पर बिजली, पानी की सप्लाई काफी दिनों से नहीं है। लोगों को आशंका थी कि दोनों की मौत भूख प्यास के चलते हुई है। चूंकि दोनों किसी से कोई बात नहीं करती थी इस लिए किसी को इस बात की जानकारी नहीं हो सकी।