गरीब कन्याओं की शादी कराएगा निगम

नगर निगम में शादी के 17 आवेदन

एक जोड़े पर 35 हजार रुपये खर्च करेगा नगर निगम

Meerut। नगर निगम भी अब सामूहिक विवाह योजना के तहत गरीब कन्याओं का विवाह कराएगा। शासन के निर्देश पर नगर निगम ने गरीब कन्याओं का आवेदन मांगा है। सात फरवरी तक निगम को कन्याओं का चयन करके शासन को सूची भेजनी है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद सामूहिक विवाह कराया जाएगा।

40 कन्याओं की जिम्मेदारी

नगर निगम को शासन ने 40 गरीब कन्याओं के विवाह के जिम्मेदारी है। अभी तक निगम के पास 17 आवेदन आ चुके हैं। आवेदनों का सत्यापन कराया जा रहा है। शासन के निर्देश के अनुसार ऐसे गरीब कन्याओं का विवाह कराना है जिन परिवार के पास शादी कराने के पैसे नहीं है।

खाते में जाएंगे पैसे

नगर निगम जिन 40 कन्याओं का विवाह कराएगा उनको 35 हजार रुपये कैश नहीं दिए जाएंगे। बल्कि बीस हजार रुपये खाते में भेजे जाएंगे। 10 हजार रुपये का घर में यूज होने वाला रोजमर्रा का सामान दिया जाएगा और पांच हजार रुपये का अन्य खर्चा किया जाएगा। शासन ने यह निर्देश इसीलिए जारी किया है क्योंकि इस योजना में किसी प्रकार का भ्रष्टाचार न हो।

सामाजिक संगठनों से मांगा सहयोग

गरीब कन्याओं के विवाह के लिए नगर निगम ने सामाजिक संगठनों से भी सहयोग मांगा गया है। उनसे भी गरीब कन्याओं के विवाह के लिए नाम मांगे गए हैं।

प्रदेश सरकार ने सामूहिक विवाह योजना शुरू की है। इसके लिए 40 कन्याओं का विवाह कराने का लक्ष्य मिला है। अभी तक 17 आवेदन आए हैं। पार्षद व सामाजिक संगठनों से सहयोग मांगा गया है। 7 तारीख तक सूची भेजनी है।

मनोज कुमार चौहान, नगर आयुक्त