- नगर निगम की हाउस टैक्स ब्रांच ने की कार्रवाई

- सवा करोड़ रुपए कॉमर्शियल टैक्स का था बकाया

BAREILLY:

नगर आयुक्त शीलधर सिंह यादव के निर्देश पर ट्यूजडे को चलाए गए अभियान में हाउस टैक्स ब्रांच ने सीलिंग की कार्रवाई की। अलग-अलग तीन क्षेत्रों में हाउस टैक्स की बकाया राशि को लेकर एक फैक्ट्री व दो कार शोरूम को सील कर दिया। कॉमर्शियल भवनों पर 1.27 करोड़ का बकाया था। बाद में एक शोरूम ओनर के चेक से टैक्स अदा करने के बाद सील को खोला गया। इस दौरान आसपास अफरा-तफरी का माहौल रहा।

जमा किया बकाया

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी राकेश कुमार सोनकर के नेतृत्व में कर अधीक्षक आरपी सिंह, ज्ञान चंद, शैली गुप्ता की टीम ने फोर्स के साथ रामपुर रोड़ स्थित प्रतिष्ठानों पर बकाया वसूलने पहुंची। रामपुर रोड स्थित विमको फैक्ट्री पर 1.10 करोड़ का हाउस टैक्स के बकाया होने पर उसे सील किया गया। दूसरी ओर, निसान शोरूम पर 10 लाख और फॉक्सवैगन शोरूम पर 7.75 लाख रुपए का टैक्स बकाया था, जिसे सील किया गया। कर अधीक्षक ने बताया कि एक शोरूम ओनर ने चेक से तुरंत ही आधा बकाया का भुगतान किया, जिसके बाद उनकी सीलिंग खोल दी गई।

बकाएदारों से टैक्स वसूलने के लिए अभियान शुरू किया है। इस दौरान टैक्स विभाग की टीम ने एक फैक्ट्री और दो शोरूम पर सीलिंग की कार्रवाई की है। अभियान जारी रहेगा।

शीलधर सिंह यादव, नगर आयुक्त