- सौर उर्जा पर चलेगा नगर निगम का पूरा सिस्टम

- स्मार्ट सिटी में लोगों के लिए नजीर बनेगी ग्रीन बिल्डिंग

- भविष्य में और ज्यादा ग्रीन बिल्डिंग बनाने की तैयारी

>DEHRADUN: नगर निगम का भवन अब ग्रीन बिल्डिंग में तब्दील होगा। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में ग्रीन बिल्डिंग बनाने का प्रस्ताव है, इसके तहत नगर निगम का पूरा सिस्टम सोलर इनर्जी से संचालित किया जाएगा। इसके लिए यहां पर सोलर प्लांट लगाया जाएगा। निगम ने इसके लिए पूरा खाका तैयार कर लिया है।

ग्रीन बिल्डिंग बनेगी नजीर

स्मार्ट सिटी के तहत एक बिल्डिंग को ग्रीन बिल्डिंग में बदलना है। नगर निगम की बिल्डिंग इसके लिए चुनी गई है। ग्रीन बिल्डिंग के तहत यहां पर सोलर इनर्जी को बढ़ावा देने की योजना है। इसके अलावा यहां पर पर्याप्त मात्रा में हरियाली भी बढ़ाई जाएगी। यह बिल्डिंग एक मॉडल के तौर पर विकसित होगी, जिसे अन्य बिल्डिंग पर भी लागू किया जा सके।

कम खर्च में होगी तैयार

ग्रीन बिल्डिंग में खर्चा कम हो इसके लिए नगर निगम का चयन किया गया है। चूंकि यहां पर काम करने के लिए काफी संभावनाएं हैं, वहीं दूसरी ओर नगर निगम अपना सोलर प्लांट भी लगा रहा है। अब इसमें अन्य प्रोजेक्ट की शामिल करने बाकी रह जाएंगे, जिससे कम खर्च में नगर निगम एक मॉडल के तौर पर ग्रीन बिल्डिंग बनकर तैयार हो जाएगा।

प्राइवेट बिल्डर्स को भी करेंगे प्रेरित

ग्रीन बिल्डिंग का मकसद रहेगा कि इस मॉडल से प्राइवेट बिल्डर्स को भी प्रेरित किया जाएगा, ताकि स्मार्ट सिटी के अंतर्गत बनने वाली प्राइवेट बिल्डिंग में भी इसे लागू किया जा सके। इससे जहां बिजली की बचत होगी, वहीं हरियाली बढ़ने से पर्यावरण को भी लाभ होगा।

हमारे सामने जब ग्रीन बिल्डिंग का प्रस्ताव आया तो हमने नगर निगम का नाम प्रस्तावित किया। इसे मान भी लिया गया और प्रोजेक्ट में शामिल कर लिया गया है। नगर निगम में सौर उर्जा प्लांट लगना प्रस्तावित है, बाकी काम स्मार्ट सिटी के तहत होंगे। इससे यहां आने वाली जनता को भी लाभ मिलेगा।

--विनोद चमोली, मेयर, नगर निगम देहरादून