नगर निगम की ओर से सड़कों व गलियों में अतिक्रमण कर खटाल चला रहे और गोबर सीवेज सिस्टम में बहाने वालों के खिलाफ अभियान बुधवार को भी जारी रहा। सरायगोवर्धन क्षेत्र में तीन पशुपालकों पर कार्रवाई की गई। इसके तहत 10 हजार तीन सौ रूपये का जुर्माना के तौर पर लगाया गया। नगर आयुक्त डॉ। श्रीहरि प्रताप शाही सुबह नगर में निरीक्षण को निकले। साथ में पशु चिकित्साधिकारी डॉ। असलम अंसारी व नगर निगम इंस्पेक्टर शिवेष कुमार तिवारी भी मौजूद थे। जांच में पाया गया कि जिस जमीन पर खटाल संचालित है उस पर स्वामित्व पशुपालकों का ही है लेकिन पशुओं के गोबर का निस्तारण उचित ढंग से नहीं किया जा रहा था। सीवेज सिस्टम में सीधे गोबर बहाया जा रहा था। यह देख नगर आयुक्त नाराज हुए। उन्होंने कार्रवाई करते हुए तीनों पशुपालकों पर जुर्माना लगाया। चेताया कि गोबर निस्तारण की उचित व्यवस्था कर लें वरना दोबारा यह काम करते पाए गए तो जुर्माना के साथ एफआईआर दर्ज कराएंगे। दूसरी ओर साधू बेला के पशुपालक नगर निगम कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने नगर आयुक्त के समक्ष वादा किया कि नगर निगम के नियमानुसार ही पशुपालन करेंगे। नगर आयुक्त ने भी भरोसा दिया कि उनके खिलाफ नगर निगम एफआईआर दर्ज नहीं कराएगा।