AGRA (26 Aug.): शहर में मच्छरों के डंक ने जीना दुश्वार कर दिया है। घर, मोहल्ला, कॉलोनीवासी सभी मच्छरों से त्रस्त हैं। लोग मच्छरों से निजात पाने के लिए फॉगिंग और मच्छरों का लार्वा मारने के लिए दवाइयों के छिड़काव का इंतजार कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर नगर निगम का दावा है कि मच्छरों को भगाने का अभियान लगातार जारी है। दवाई छिड़काव और धुआं छोड़ने के लिए फॉगिंग का पूरे साल का रोस्टर के अनुसार काम किया जा रहा है।

मच्छरों की चुभन से बढ़ी परेशानी

बारिश के बाद जगह-जगह पानी जमा हुआ है। शहर के चारों ओर गंदगी फैली हुई है। इससे मच्छर मड़राने लगे हैं। इसकी चुभन से शहरवासी परेशान हैं। वे अपने-अपने वार्ड पार्षद से मच्छरों को भगाने को लेकर शिकायत करते हैं और पार्षद नगर निगम अधिकारियों से। लेकिन ये प्रक्रिया सिर्फ कागजों पर ही चलती है। जमीनी स्तर पर मच्छरों को भगाने के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं, तभी मच्छरों की चुभन बढ़ गई है। ये नगर निगम के अधिकारियों और पार्षदों से हुई बातचीत के बाद साफ हो गया।

सुबह स्प्रे और शाम को फॉगिंग

अधिकारियों का दावा है कि रोस्टर बनाया गया है। उसके अनुसार सुबह दवाई का स्प्रे किया जाता है और शाम को फॉगिंग मशीन दौड़ाई जाती है। स्प्रे से मच्छरों का लार्वा खत्म होता है और फॉगिंग मच्छर के लिए की जाती है।

नहीं मिली रोस्टर की कॉपी

नगर निगम के अधिकारियों ने रोस्टर बनाकर काम शुरू कर दिया है। लेकिन पार्षदों को रोस्टर की कॉपी नहीं दी गई है। जबकि बिना पार्षदों की जानकारी के वार्डो में क्षेत्र चिन्हिंत करना मुश्किल है।