7 माह से खुले में शौच जा रही हैं महिलाएं, नगर निगम से मदद नहीं

3 माह पहले ही खाता संख्या हुआ सही, बाबु ने ट्रंासफर नहीं की रकम

BAREILLY:

स्वच्छ भारत मिशन के तहत वॉर्डो को ओडीएफ करने का अभियान लास्ट इयर तेजी से नगर निगम ने चलाया था। चंद दिनों में ही वॉर्डो को ओडीएफ करने का कीर्तिमान भी अपने नाम कर लिया था। पर अब नगर निगम के इस कीर्तिमान की पोल खुलनी शुरू हो गई है। थर्सडे को नगर निगम में पहुंची सतीपुर वार्ड की महिलाओं ने आपबीती सुनाई। महिलाओं ने बताया कि पिछले 8 माह से वह घर में शौचालय न होने से खुले में शौच करने को मजबूर हैं। नगर निगम से घर में शौचालय बनाए जाने की गुहार लगा रही हैं। पर कोई सुनवाई नहीं हो रही।

गड्ढा खोदकर खुला छोड़ा

स्वच्छ भारत मिशन के तहत खुले में शौच जाने से रोकने के लिए 16 हजार रुपए में शौचालय बनवाने की कवायद शुरू हुई। मुहिम में लाभार्थियों को 8 हजार की मदद केन्द्र व राज्य सरकार से मिलनी है। वहीं शेष 8 हजार रुपए लाभार्थी को खुद से लगाने हैं। शौचालय निर्माण के लिए लाभार्थियों ने अपने हिस्से की आधी रकम खर्च कर घर में गड्ढा खोदवा लिया। लेकिन निगम की ओर से शेष राशि न पहुंचने से मामला अटक गया। लाभार्थी नगर निगम के बाबुओं और अधिकारियों के पास चक्कर लगाने को मजबूर हैं।

गलत अकाउंट बताई वजह

थर्सडे को नगर निगम पहुंची सतीपुर निवासी मीना गुप्ता, सुमन, अनीता चौहान, अलीसा कश्यप समेत करीब 15 महिलाओं ने अपर नगर आयुक्त ईश शक्ति सिंह का घेराव किया। महिलाओं ने शौचालय न बनाए जाने से होने वाली प्रॉब्लम और नगर निगम के बाबुओं की करतूत बताई। अपर नगर आयुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के बाबू को तलब किया। बाबु ने बताया कि महिलाओं के दिए गए खाता गलत होने से रकम ट्रांसफर नहीं हो सकी। जिससे दिक्कत हो रही है। वहीं, महिलाओं ने कहा कि वह करीब 3 माह पहले ही बैंक जाकर खाता संख्या सही करा चुकी हैं और इसकी जानकारी बाबु को दे दी है। पर अभी तक रकम नहीं पहुंची।

--------------------------

महिलाओं को सही खाता संख्या देने और संबंधित क्लर्क को तुरंत रकम ट्रांसफर करने को कहा है। जल्द ही लाभार्थी के खाता में रकम पहुंच जाएगी।

ईश शक्ति सिंह, अपर नगर आयुक्त

वार्ड को ओडीएफ बनाने के लिए महिलाओं को खुले में शौच जाने से रोका। लेकिन नगर निगम का सहयोग न मिलने से महिलाएं खुले में शौच जाने को मजबूर हैं।

- जमुना प्रसाद मौर्य, पार्षद, सतीपुर वॉर्ड 15