RANCHI : राजधानी की सड़कों पर जल्द ही लो फ्लोर बसें दौड़ती नजर आएंगी। नगर निगम ने पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम को दुरूस्त करने के लिए 20 नई लो फ्लोर बसें खरीदने का फैसला किया है। इन बसों के संचालन को लेकर 29 अगस्त को टेंडर खुलेगा। इसके बाद बसों की खरीदारी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

29 को तय होगा सर्विस प्रोवाइडर

नगर निगम ने 20 नई लो फ्लोर बस खरीदने के लिए टेंडर जारी कर दिया है। जो नई बसें खरीदी जाएंगी, उसके सर्विस प्रोवाइडर का फैसला टेंडर के जरिए 29 को होगा। इस टेंडर में बसों के संचालन के लिए रेट तय किया जाएगा। मालूम हो कि फिलहाल रांची में 60 सिटी बसें चल रही हैं। इन बसों के संचालन का जिम्मा किशोर मंत्री के पास है।

बसों खरीदने पर छह करोड़ होंगे खर्च

डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय ने बताया कि दिल्ली की तर्ज पर यहां भी लो फ्लोर बसें चलेंगी। एक बस की लागत करीब 30 लाख रुपए है। इस तरह 20 बसों की खरीदारी पर छह करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पिछली बार भी लो बसों को खरीदने का फैसला हो चुका था, लेकिन किसी सर्विस प्रोवाइडर के सामने नहीं आने की वजह से इसे रद कर दिया गया। यही वजह है कि इस बार सर्विस प्रोवाइडर तय होने के बाद ही बसें खरीदी जाएगी।

सर्विस प्रोवाइडर के री-टेंडर को लेकर विवाद

फिलहाल सिटी बसों के संचालन का जिम्मा किशोर मंत्री के पास है। उनके टेंडर का टर्म अभी पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में नई बसों की खरीदारी और सर्विस प्रोवाइडर के लिए फिर से टेंडर जारी करने पर विवाद खड़ा हो गया है।