- अजगैन के भौली गांव में ग्रामीणों ने घेरकर पकड़ा, दो मोरों का शिकार कर भाग रहे थे

UNNAO: अजगैन थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत भौली में छोटी परडि़या के जंगल में दो लोगों ने जाल लगाकर दो मोरों का शिकार कर डाला। राष्ट्रीय पक्षी मोर के शिकार होने की भनक जैसे ही ग्रामीणों को लगी तो उन लोगों ने शिकारियों को घेर कर बंधक बना लिया। सूचना पर अजगैन पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए दोनों युवकों को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की है।

जंगल में लगा दिया जाल

दोपहर करीब 12 बजे भौली गांव के मजरे छोटी परडि़या के धने जंगल में विनोद पुत्र लाल एवं बउवा पुत्र छोटई निवासी ग्राम गढ़ी दोनों पहुंचे। जहां दोनों ने जंगल में जाल लगा दिया। इसमें दो मोर फंस गये। इसके बाद दोनों शिकारियों ने मोरों को मार डाला और एक बोरी में भर कर ले जाने लगे। इस बीच ग्रामीणों को घटना की भनक लग गयी। मोर का शिकार किए जाने को लेकर ग्रामीणों ने दोनों को रोका और पूछताछ शुरू की। इसके बाद जब उन लोगों ने दोनों की तलाशी ली तो उनके पास मौजूद बोरे से मोर के दो शव मिले। ग्रामीणों ने अजगैन पुलिस को सूचना दी।

मामला दर्ज, जाएंगे जेल

घटना के संबंध अजगैन थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह रघुंवशी ने कहा कि भौली गांव के जंगल में दो पथरकटा समुदाय के लोगों ने 2 मोर का शिकार किया था। पशु चिकित्सक द्वारा दोनों मोरों का पोस्टमार्टम करने के बाद दफना दिया जायेगा। आरोपियों के विरूद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है उन्हें जेल भेजा जा रहा है।