- दूसरे दिन व्रतियों और श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पहुंचकर मांगी मन की मुराद

- मंदिरों में महिला मंडली ने आयोजित किया भजन और कीर्तन का कार्यक्रम

BAREILLY:

नवरात्रि के दूसरे दिन श्रद्धालुओं ने मां ब्रह्माचारिणी का विधि विधान से पूजन किया। व्रत का अनुष्ठान करने वाले लोगों ने सुबह और शाम को मां के मंदिरों में माथा टेक कर मन्नतें मांगी। दूसरी ओर, मंदिरों और घरों में महिला मंडली ने भजनकीर्तन प्रोग्राम का आयोजन किया। जिसमें उन्होंने जमकर मां के भजन और कीर्तन गाकर माहौल को भक्ति मय कर दिया। इस दौरान मंदिरों में पिछले वर्षो में मां दुर्गा की नवरात्रि पर मांगी कामना पूरी होने पर प्रसाद वितरण किया।

भजनों से गूंजे घर मंदिर

सुबह मां की आरती के बाद शाम को सामूहिक प्रज्ज्वलित दीपों से मां की महाआरती उतारी गई। कालीबाड़ी में धार्मिक समितियों ने कार्यक्रम के आयोजन किए। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने उमंग के साथ हिस्सा लिया। इसी के साथ महाआरती सेवा समिति ने भी महाआरती कार्यक्रम आयोजित किया। आयोजन में समिति के पदाधिकारी साथ साथ भारी संख्या में श्रद्धालु भी मौजूद रहे। इसके बाद मौजूद श्रद्धालुओं समेत अन्य ने प्रसाद ग्रहण कर मां के जयकारे लगाए। रात करीब 9 बजे से मनोकामना मंदिर, नौ दुर्गा मंदिर, शिव हरमिलाप मंदिर समेत अन्य मंदिरों में कीर्तन और भजन का सुमधुर आयोजन हुआ। जहां महिला मंडली ने भजन गाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।