छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र: 26 दिसंबर को पटमदा के आमदा पहाड़ी से गिरफ्तार किए गए नक्सली सब जोनल कमांडर राजेंद्र सिंह मुंडा ने पूछताछ के दौरान पुलिस के सामने कई राज खोले हैं। उसने दामपाड़ा (झारखंड-बंगाल सीमा) में सक्रिय नक्सलियों के नाम बताए हैं। साथ ही नक्सली गतिविधियों की अहम जानकारी भी दी है। राजेंद्र सिंह मुंडा खुद 12 वर्ष से नक्सली संगठन में सक्रिय था। वह 2007 में हुई सांसद सुनील महतो की हत्या में भी संलिप्त था। उसने पुलिस को बताया कि नक्सली राहुल सांसद सुनील महतो हत्याकांड का लीडर था। नोटबंदी के बाद वह पुराने नोट बदलने का झांसा देकर संगठन से भाग गया और बंगाल पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया था।

12 साल से था सक्रिय

बहरहाल, राजेंद्र सिंह मुंडा ने पुलिस को बताया कि नक्सली दस्ते में वह पिछले 12 वर्ष से सक्रिय था। वर्तमान में जो नक्सली दस्ता बंगाल और झारखंड सीमा पर दामपाड़ा में सक्रिय है इस दस्ते में बंगाल का असीम मंडल उर्फ आकाश, पटमदा का महादेव उर्फ सचिन, बंगाल का मदन महतो, दलमा का रवि सिंह उर्फ वीरणन, चाईबासा का श्याम सिंकू, बंगाल का मंगल, समीर, डाक्टर उर्फ प्रदीप मंडल, बुल्कू उर्फ जोड़ा और मिता सक्रिय हैं। सभी अत्याधुनिक हथियार से लैस हैं।

सांसद हत्याकांड में थे शामिल

राजेंद्र सिंह मुंडा ने बताया कि सांसद सुनील महतो की हत्या में राहुल उर्फ रंजीत पाल, सचिन, विकास, जयंती, कविता, दीपांकर, कमल, रामकृष्ण, सुभाष, वीरेन और अन्य शामिल थे। कई का नाम उसे याद नहीं है। मालूम हो कि चार मार्च 2007 को घाटशिला के बाघुडि़या में फुटबॉल मैदान में सांसद सुनील महतो व झामुमो नेता प्रभाकर महतो समेत चार की गोली मारकर नक्सलियों ने हत्या कर दी थी।

किस नक्सली के पास कौन सा हथियार

असीम मंडल उर्फ आकाश - एके 47 एवं पिस्टल

महादेव उर्फ सचिन - एके 47 और पिस्टल

मदन महतो - एके 47

रवि सिंह उर्फ विरन - इंसास पिस्टल

श्याम सिंकू - इंसास

मंगल - एसएलआर पिस्टल

समीर - एसएलआर पिस्टल

डाक्टर उर्फ प्रदीप मंडल - एसएलआर

बुल्कू उर्फ जोबा - इंसास

मिता - इंसास

सेंट्रल कमिटी चलाती है संगठन

राजेंद्र सिंह मुंडा ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि नक्सली संगठन का संचालन पूरे देश में सेंट्रल कमेटी करती है। इसमें स्टेट कमेटी, रिजनल कमेटी, जोनल कमेटी की भूमिका रहती है। सबजोनल कमेटी में उसका दामपाड़ा दस्ता शामिल है।

कान्हू सप्लाई करता था हथियार

राजेंद्र सिंह मुंडा ने बताया कि संगठन को गुड़ाबांधा के नक्सली संगठन का सदस्य रहा (अब आत्मसमर्पण कर चुका) कान्हू राम मुंडा, भोगलू सिंह एवं जनवरी में मारा गया नक्सली सुपाई टुडू आ‌र्म्स की सप्लाई करते थे। वर्तमान में संगठन को हथियार कौन दे रहा है, इसकी जानकारी उसे नहीं हैं।

बानावास पहाड़ में लगाया है बारूदी सुरंग

गिरफ्तार नक्सली राजेंद्र सिंह मुंडा उर्फ गुडरू उर्फ राजू उर्फ चंदन ने बताया कि बानावास पहाड़ में दलमा दस्ता द्वारा बारूदी सुरंग लगाया गया है। बारूदी सुरंग में विस्फोट करने के लिए कोटेक्स तार को जमीन में छुपाकर दबाया गया है।